आरयू ब्यूरो, लखनऊ। गुडंबा इलाके में सोमवार को बैंक के डिप्टी मैनेजर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन जब कमरे में पहुंचे तो वह लहूलुहान हालत में मिले। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू की। अचानक हुई इस घटना से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जनकारी के मुताबिक मूल रूप से गोरखपुर निवासी काजी अहमद जैद (40) गुड़बा क्षेत्र के आदिल नगर कल्याणपुर में अपने परिवार के साथ रहते थे। अलीगंज स्थित एक्सिस बैंक में डिप्टी मैनेजर के पद पर काजी तैनात थे। सुबह करीब नौ बजे घर की पहले मंजिल पर बने कमरे में काजी ने .32 बोर की पिस्टल से खुद को सर में गोली मार ली।
गोली चलने की आवाज सुन बीवी तैयबा भागती हुई कमरे में पहुंची तो काजी अहमद लहूलुहान हालात में मिले जिसे देखकर पत्नी की चीख निकल गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- दारोगा ने लाइसेंसी असलहे से खुद को मारी गोली, मौत
वहीं परिजनों ने बताया दो दिन पहले गोंडा रिश्तेदारी में शादी समारोह में गए थे। वहां से रविवार रात वापस लौटे। इसके बाद सब लोग अपने-अपने कमरे में चले गए। सुबह पत्नी घर का काम करने नीचे आ गई। इस दौरान जैद ने आत्महत्या कर ली।
इस संबंध में इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभतेश श्रीवास्तव का कहना है कि शव का पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। प्रारंभिक जांच में बैंक में घोटाले की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल पर जांच कर रही है।




















