कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मोहसिना किदवई का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

मोहसिना किदवई
मोहसिना किदवई। (फाइल फोटो।)

आरयू वेब टीम। वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता और मेरठ से तीन बार सांसद रहीं मोहसिना किदवई का बुधवार को निधन हो गया। 93 साल की उम्र में किदवई ने हाॅस्पिटल में आखिरी सांस ली। नोएडा के सेक्‍टर 40 स्थित आवास पर मोहसिना के अंतिम दर्शन के लिए लोग पहुंचे। मोहसिन किदवई के निधन पर कांग्रेस समेत राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

मोहसिना के दामाद रजीउर रहमान किदवई ने बताया कि वह उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थीं। रजीउर रहमान ने बताया कि निजामुद्दीन के कब्रिस्तान में उन्हें सुपूर्द खाक किया जाएगा। गांधी परिवार की करीबी रहीं मोहसिना किदवई केंद्र सरकार में मंत्री के अलावा हज कमेटी की अध्‍यक्ष भी रहीं। उन्‍होंने कांग्रेस महासचिव के रूप में भी काम किया। वह कांग्रेस कार्य समिति और कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्‍य भी रहीं। वह लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहीं।

मोहसिना किदवई पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं, उन्होंने राजीव गांधी की सरकार में महत्वपूर्ण विभागों का कार्यभार संभाला था। वे समय-समय पर लोकसभा और राज्यसभा दोनों की सदस्य रह चुकी हैं। एक जनवरी, 1932 को बाराबंकी में जन्‍मीं मोहसिना किदवई दो बार छत्‍तीसगढ़ से राज्‍यसभा सदस्‍य भी चुनी गईं। वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद चुनी गईं। इसके बाद 2004 से 2010 और 2010 से 2016 तक राज्‍यसभा की सदस्‍य रहीं।