राहुल गांधी ने RSS को बताया राष्ट्रीय सरेंडर संघ, कहा भाजपा नेता ने ही किया बेनकाब

राहुल गांधी
फाइल फोटो।

आरयू वेब टीम। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को एक बार फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। राहुल ने आरएसएस के नेता राम माधव के अमेरिका में दिए एक बयान को लेकर दावा किया कि ये संगठन (आरएसएस) असल में ‘‘राष्ट्रीय सरेंडर संघ’’ है और उसके नेता ने ही उसे बेनकाब कर दिया है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने राम माधव के इस बयान को लेकर एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ‘राष्ट्रीय सरेंडर संघ। नागपुर में फर्जी राष्ट्रवाद, अमेरिका में शुद्ध गुलामी।’ राहुल गांधी ने कहा कि राम माधव ने ही संघ का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है।

वहीं राम माधव के इस बयान को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा,’मोदी और उनकी सरकार के सरेंडर होने की कहानी भाजपा के सीनियर नेता राम माधव बता रहे हैं। इस बात से साफ है कि मोदी वही करते हैं, जो ट्रंप चाहते हैं। पीएम मोदी ट्रंप की कठपुतली हैं। यही वजह है कि ट्रंप भारत को नरक बता देते हैं और मोदी की हिम्मत नहीं होती कुछ कहने की। यह साफ है कि नरेंद्र मोदी पूरी तरह से कॉम्प्रोमाइज्ड हैं और इस बात का खामियाजा देश भुगत रहा है।’

दरअसल अमेरिका के ‘हडसन इंस्टिट्यूट’ में एक कार्यक्रम में संघ से जुड़े भाजपा नेता राम माधव ने पिछले दिनों एक बयान दिया था। जिसमें कहा था कि ‘भारत ईरान से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हो गया, अपने विपक्ष की आलोचना के बावजूद हम रूस से तेल खरीदना बंद करने पर सहमत हो गए। भारत ने बिना अधिक कुछ कहे 50 फीसद टैरिफ पर भी सहमति दे दी, तो फिर भारत अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए कहां पर्याप्त कोशिश नहीं कर रहा है।’

यह भी पढ़ें- राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री खुद कॉम्प्रोमाइज्ड, मोदी वही करते जो अमेरिका-इजरायल उनसे चाहते हैं करवाना

गौरतलब है कि राम माधव ने विपक्ष के हमलों के बाद अपने बयान पर माफी भी मांग ली है। उन्होंने एक्स पर पोस्टकर कहा, ‘मैंने जो कहा, वह गलत था। भारत ने रूस से तेल का इंपोर्ट रोकने पर कभी सहमति नहीं दी। इसके साथ ही भारत ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने का जोरदार विरोध भी किया था। मैं दूसरे पैनलिस्ट की बात के जवाब में बस एक सीमित-सा तर्क देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तथ्यों के लिहाज से मेरी बात गलत थी। इसके लिए मैं माफी चाहता हूं।’

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी का आरोप, BJP-RSS संविधान खत्म करने की कर रही कोशिश