“काम होते ही भरे खोदी सड़क-गढ्डे नहीं तो होगी सख्त‍ कार्रवाई”, सीएम योगी की अफसर-ठेकेदारों को चेतावनी

सीएम योगी

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जल जीवन मिशन के तहत होने वाले खुदाई कार्यों में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। साथ कहा कि जैसे ही काम पूरा हो, तुरंत खोदी गई सड़कों और गड्ढों को भर दिया जाए ताकि आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। सीएम ने लापरवाह अफसरों, ठेकेदारों और कार्यदायी संस्थाओं पर जुर्माना लगाने के साथ उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी है।

योगी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के कार्यों के दौरान जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। खुदाई के समय सभी सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योगी ने कहा कि हमारी सरकार शहरी इलाकों से लेकर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक साफ-सुथरा पेयजल पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जल जीवन मिशन के माध्यम से प्रदेश के करोड़ों लोगों को नल से जल आपूर्ति का लाभ मिल रहा है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं, जिसमें कहा है कि अब प्रदेश के सभी जिलों में जिलाधिकारी, जल जीवन मिशन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागीय अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण करेंगे। वे खुदाई की स्थिति का जायजा लेंगे और खोदी गई सड़कों-गड्ढों को तुरंत भरने की प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे। साथ ही जल समाधान पोर्टल पर दर्ज आपूर्ति, लीकेज और खुदाई से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता आधार पर निस्तारण किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पेट्रोल पंप पर उमड़ती भीड़ के बीच बोले सीएम योगी, आवश्‍यकता होने पर ही जाएं पेट्रोल-डीजल लेने, गैस सिलेंडर भी पहुंचेगा घर

वहीं काम को समय पर पूरा न करने, अधूरा छोड़ने या लापरवाही करने वाली एजेंसियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में केवल जुर्माना वसूला जाएगा, बल्कि दोषी ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा। इस दौरान जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति या मरम्मत संबंधित शिकायतों के लिए लोग टोल फ्री नंबर- 18001212164 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने नर्सिंग अधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, गिनाईं उपलब्धियां