केशव मौर्या की ममता बनर्जी को नसीहत, ‘सम्मान जनक विदाई लेना ही दीदी के पास एकमात्र रास्ता

केशव मौर्या
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। जिसके बाद से भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की ओर से कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। यूपी के डिप्टी सीएम ने भी ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने नसीहत दी और कहा कि अब उनके पास अपनी सम्मानजनक विदाई लेना ही ममता दीदी के पास एकमात्र रास्ता है।’

केशव मौर्या ने ममता बनर्जी के इस्तीफा नहीं देने के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए  अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर पोस्टकर कहा कि ‘ममता बनर्जी की विधानसभा में करारी हार उनकी व्यक्तिगत ही नहीं, बल्कि अत्याचार, सिंडिकेट, घुसपैठियों के संरक्षण, तुष्टिकरण की राजनीति और भ्रष्टाचार की भी पराजय है।

जनता का संदेश साफ है कुर्सी खाली करो। उनकी पार्टी का इतिहास इतना काला है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की सरकार अब कभी नहीं बनेगी। लोकतंत्र का गला घोटकर पश्चिम बंगाल को लूटने की परत-दर-परत जांच होगी। एक भी भ्रष्टाचारी नहीं बचेगा। अपनी सम्मानजनक विदाई लेना ही ममता दीदी के पास एकमात्र रास्ता है।’

यह भी पढ़ें- विधानसभा में केशव मौर्या का दावा, आरक्षण नियमों का उल्लंघन करने वालों को नहीं जाएगा बख्शा

बता दें कि मंगलवार को बंगाल की निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव के नतीजों पर प्रेसवार्ता कर भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि वो चुनाव हारी नहीं है, बल्कि हराया गया है। उन्होंने कहा की टीएमसी की लड़ाई भाजपा नहीं बल्कि चुनाव आयोग से थी। भाजपा ने सौ सीटों की चोरी की है। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि काउंटिंग सेंटर में उन्हें जाने नहीं दिया गया, यही नहीं उनके साथ मारपीट भी की गई। वो चुनाव हारी नहीं है इसलिए वो अपने पद से इस्तीफा भी नहीं देंगी।

यह भी पढ़ें- बंगाल-असम जीत पर बोले PM मोदी, भाजपा की सुशासन की राजनीति रही सफल