आरयू वेब टीम। पंजाब में हुए एक के बाद एक दो ब्लास्ट की दहशत से लोग अभी निकले भी नहीं थे कि जालंधर में गुरूवार को मिली स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप मच गया है। जिसके बाद बीएसएफ के स्कूल भी खाली करा दिया गया है। यह स्कूल बीएसएफ के उसी हेडक्वार्टर में चल रहा है, जिसके बाहर मंगलवार की रात एक्टिवा में ब्लास्ट हुआ था। धमकी भरी ई-मेल में स्कूल-कॉलेज उड़ाने के साथ ही सीएम भगवंत मान पर उनकी शुकराना यात्रा के दौरान आत्मघाती हमला और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
जालंधर पुलिस ने बताया कि एहतियातन के तौर पर स्कूल को खाली करवा दिया गया है। साथ ही स्कूल पहुंचे पेरेंट्स ने कहा कि उन्हें सिर्फ इतना मैसेज आया कि सिक्योरिटी रीजन है, इसलिए वह तुरंत अपने बच्चों को घर ले जाएं। कोई ड्यूटी पर था तो कोई अपने किसी पर्सनल काम पर, सब छोड़कर वह तुरंत बच्चों को लेने के लिए पहुंचे हैं। बीएसएफ हेडक्वार्टर और आर्मी कैंप में ब्लास्ट के बाद लोगों में ज्यादा डर है।
इस संबंध में जालंधर की एडीसीपी आकर्षि जैन ने कहा कि जालंधर के पांच से छह स्कूलों को धमकी भरी मेल मिली है, पुलिस सभी स्कूलों में जांच कर रही है। अभी तक कहीं से कुछ संदिग्ध नहीं मिला। इस धमकी की टाइमिंग भी सीएम भगवंत मान से जोड़कर देखी जा रही है। सीएम आज अपनी शुक्राना यात्रा के चलते जालंधर में हैं, जिसको लेकर पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
वहीं धमकी भरी ई-मेल की कॉपी सामने आई है। एपीजे स्कूल की तरफ से जालंधर पुलिस को सौंपी ई-मेल में लिखा है कि जालंधर के स्कूलों और कॉलेजों में बम धमाके करेंगे। स्कूलों में दोपहर एक बजकर 11 मिनट और कॉलेजों के लिए दो बजकर 11 मिनट पर धमाके होंगे। माता-पिता अपने बच्चों को स्कूल-कालेज न भेजें। साथ ही सीएम भगवंत मान की यात्रा की शुकराना यात्रा अंतिम यात्रा होगी। उन पर आत्मघाती कार हमला करेंगे।
यह भी पढ़ें- पंजाब में धमाकों पर बोले CM भगवंत मान, भाजपा ने शुरू की चुनावी तैयारी
वहीं बीएसएफ स्कूल प्रिंसीपल रंजना डोगरा ने बताया कि उनको मैनेजमेंट की तरफ से फोन आया था कि बच्चों को आज एक घंटा पहले छुट्टी कर दें। हमें किसी तरह की थ्रेट की जानकारी नहीं है। कल के लिए क्या इंस्ट्रक्शन होंगे ये भी पेरेंट्स के स्कूल ग्रुपों में सूचित कर दिया जाएगा। इसके अलावा एपीजे स्कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिसके बाद पुलिस स्कूल में पहुंची और बच्चों की छुट्टी कर दी गई है।




















