नीट पेपर लीक पर संजय सिंह का आरोप, शिक्षा माफिया से मिल नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने में लगी भाजपा

संजय सिंह
संजय सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर हमला बोला है। संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी शिक्षा माफिया के साथ मिलकर देश के नौजवानों का भविष्य बर्बाद करने में लगी हुई है। ये नीट परीक्षा का पेपर पहली बार लीक नहीं हुआ है, इससे पहले साल 2024 में भी पेपर लीक हुआ था और अब तीन मई को हुई परीक्षा में 180 में से 135 सवाल लीक होने का मामला सामने आया है।

यह भी पढ़ें- “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा निकाल संजय सिंह ने कहा, नहीं बर्बाद होने देंगे युवाओं का भविष्य

इस दौरान आप के राज्यसभा सांसद ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग शिक्षा माफिया के पूरे गिरोह को संरक्षण दे रहे हैं, जिसकी वजह से बार-बार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और लाखों छात्र-छात्राओं तथा उनके परिवारों का भविष्य अंधकार में धकेला जा रहा है। जबकि देश के लाखों नौजवान दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार और उसके संरक्षण में पल रहे शिक्षा माफिया उनके सपनों को कुचलने का काम कर रहे हैं।

करोड़ों लोग इस पेपर लीक कांड से प्रभावित

संजय सिंह ने कहा कि इस बार नीट परीक्षा में करीब 22 लाख छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था। अगर उनके परिवारों को भी जोड़ लिया जाए तो करोड़ों लोग इस पेपर लीक कांड से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ छात्र कठिन परिस्थितियों में रहकर पढ़ाई करते हैं, माता- पिता अपनी जमा पूंजी बच्चों की पढ़ाई पर खर्च करते हैं और दूसरी तरफ भाजपा सरकार की नाकामी और भ्रष्ट तंत्र की वजह से उनका भविष्य बर्बाद हो जाता है। ये केवल पेपर लीक नहीं बल्कि देश के नौजवानों के साथ खुला विश्वासघात है।

राज्य सरकारों ने युवाओं की मेहनत के साथ किया धोखा

भाजपा पर हमला जारी रखते हुए आप नेता ने कहा कि पेपर लीक केवल परीक्षा प्रणाली पर हमला नहीं है बल्कि यह नौजवानों के पेट और पीठ दोनों पर वार करने जैसा है। भाजपा सरकार और उसकी राज्य सरकारों ने युवाओं की मेहनत, उनके सपनों और उनके विश्वास के साथ धोखा किया है। आप देश के नौजवानों की आवाज को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाती रहेगी और शिक्षा माफिया तथा उन्हें संरक्षण देने वाली ताकतों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।

भाजपा ने देश में वोट चोरी-पेपर चोरी की…

इसके अलावा संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने देश में वोट चोरी की, पेपर चोरी की, जनता का सोना और गहना तक लूटने का काम किया, महंगाई की आग में देश को झोंक दिया, रुपए को लगातार कमजोर किया और देश की विदेश नीति तक को बर्बाद कर दिया। आज मोदी राज में न नौजवान सुरक्षित हैं, न माताएं-बहनें सुरक्षित हैं और न ही व्यापारी वर्ग सुरक्षित है। हर वर्ग अपने भविष्य को लेकर भय और असुरक्षा की स्थिति में जी रहा है।

यह भी पढ़ें- पेपर लीक के बाद NTA ने NEET UG एग्जाम किया रद्द, CBI करेगी जांच