दिल्ली में चार सीटों पर AAP, तीन पर कांग्रेस लड़ेगी लोकसभा चुनाव

आरयू वेब टीम। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच डील पक्की हो गई है। दोनों पार्टियों ने चार-तीन के फॉर्मूले पर मुहर लगा दी है। दिल्ली के अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, गुजरात और गोवा में भी दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन हो गया है।

शनिवार को हुई कांग्रेस और आप की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन राज्यों की लोकसभा सीटों के बंटवारे की जानकारी दी गई। राजधानी की सात लोकसभा सीटों में से चार सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी, जबकि तीन सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारेगी। कांग्रेस महासचिव और सांसद मुकुल वासनिक ने इस बारे में कहा कि दिल्ली लोकसभा में सात सीटें हैं।

इनमें से आम आदमी पार्टी चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी. इन सीटों में नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पूर्वी दिल्ली की सीट शामिल है। वहीं जिन तीन सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे उन सीटों में चांदनी चौक, उत्तर पूर्व और उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट शामिल है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए जिन राज्यों की सीटों पर गठबंधन किया है। उनमें हरियाणा, चंडीगढ़, गुजरात और गोवा भी शामिल है, लेकिन पंजाब की सीटों पर गठबंधन नहीं हुआ है। चंडीगढ़ में कांग्रेस अपना प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारेगी।

यह भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन से फारूक अब्दुल्ला ने बनाई दूरी, अपने दम पर चुनाव लड़ेगी नेशनल कांफ्रेंस

वहीं हरियाणा की दस लोकसभा सीटों में से नौ पर कांग्रेस और एक सीट (कुरुक्षेत्र) पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ेगी। गुजरात की कुल 26 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस 24 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। जबकि आम आदमी पार्टी राज्य में भरूच और भावनगर यानी दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी। चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी, वहीं गोवा की भी दोनों सीटों पर कांग्रेस का उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र कांग्रेस को एक और झटका, मिलिंद-बाबा सिद्दीकी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने दिया इस्तीफा