महाराष्ट्र कांग्रेस को एक और झटका, मिलिंद-बाबा सिद्दीकी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने दिया इस्तीफा

अशोक चव्हाण

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी और मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस छोड़ने के ठीक बाद महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता अशोक चव्हाण ने भी कांग्रेस को झटका दिया है। अशोक चव्हाण ने लोकसभा चुनाव से पहले सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख नाना पटोले को लिखे एक पंक्ति के इस्तीफे में उन्होंने कहा, “मैं 12/02/2024 को दोपहर से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा सौंपता हूं।” साथ ही विधायक पद से अपना इस्तीफा भी स्पीकर को भेज दिया है।

वहीं स्पीकर ने बताया, “अशोक चव्हाण ने रात 11.24 बजे विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर को विधायक पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।”
एक रिपोर्ट के अनुसार बीजेपी चव्हाण को राज्यसभा सीट की पेशकश कर सकती है। कहा जा रहा है कि दस से 12 विधायक भी चव्हाण के संपर्क में हैं और आने वाले समय में पाला बदल सकते हैं।

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र कांग्रेस को लगा झटका, पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने दिया इस्तीफा

चव्हाण के अगले कदम के बारे में चल रही अटकलों के बीच, भाजपा नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि वक्त के साथ सब बातें साफ हो जाएंगी, इंतजार कीजिए। उन्होंने कहा, “मैंने मीडिया से अशोक चव्हाण के बारे में सुना, लेकिन अब मैं केवल यही कह सकता हूं कि कांग्रेस के कई अच्छे नेता भाजपा के संपर्क में हैं। जो नेता जनता से जुड़े हुए हैं, वे कांग्रेस में घुटन महसूस कर रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि कुछ बड़े चेहरे भाजपा में शामिल होंगे। आगे-आगे देखिए होता है क्या।”

मालूम हो कि दिसंबर 2008 से नवंबर 2010 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे चव्हाण को महाराष्ट्र में कांग्रेस के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक माना जाता था। वह एक अन्य पूर्व मुख्यमंत्री शंकरराव चव्हाण के पुत्र हैं। उन्होंने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सहित पार्टी के भीतर विभिन्न पदों पर काम किया है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस से इस्तीफा दे पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा ने बताया किस पार्टी में होंगे शामिल