महाराष्ट्र कांग्रेस को लगा झटका, पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी ने दिया इस्तीफा

बाबा सिद्दीकी

आरयू वेब टीम। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका लगा है। महाराष्ट्र के पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र की वांड्रे पश्चिम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा के सदस्य थे। उन्हें कांग्रेस का स्टार भी कहा जाता रहा है। वह करीब 48 साल से कांग्रेस में थे। कांग्रेस छोड़ने के बाद अब वह भाजपा के जा सकते हैं।

सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्स पर आज अपने फैसले की घोषणा करते हुए, बाबा सिद्दीकी ने कहा, ‘मैं एक युवा किशोर के रूप में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी में शामिल हुआ और यह 48 वर्षों तक चलने वाली एक महत्वपूर्ण यात्रा रही है। आज मैं तत्काल प्रभाव से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं।’

बाबा ने आगे कहा कि, ‘ऐसा बहुत कुछ है जिसे मैं व्यक्त करना चाहता हूं, लेकिन जैसा कि कहा जाता है कि कुछ चीजें अनकही ही रह जाएं तो बेहतर है। मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं जो इस यात्रा का हिस्सा रहे हैं।’

यह भी पढ़ें- कांग्रेस से इस्‍तीफा दे मिलिंद देवड़ा ने कहा, विकास के पथ की ओर हूं अग्रसर

बता दें कि बाबा सिद्दीकी 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार विधायक रहे, और उन्होंने खाद्य और नागरिक आपूर्ति, श्रम और एफडीए राज्य मंत्री (2004-08) के रूप में भी काम किया था और पहले नगर निगम पार्षद के रूप में भी काम किया था।

वह वर्तमान में मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। बाबा सिद्दीकी की शादी शहजीन सिद्दीकी से हुई है। उनके दो बच्चे हैं, एक बेटी डॉ. अर्शिया सिद्दीकी और एक बेटा जीशान सिद्दीकी हैं।

यह भी पढ़ें- गुजरात में कांग्रेस को दूसरा झटका, विजापुर से विधायक चावडा ने दिया इस्तीफा