कांग्रेस से इस्‍तीफा दे मिलिंद देवड़ा ने कहा, विकास के पथ की ओर हूं अग्रसर

मिलिंद देवड़ा

आरयू वेब टीम। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को महाराष्ट्र में झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए मिलिंद ने कहा आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से मैंने अपना त्यागपत्र दे दिया है। पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म, मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।

कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद मिलिंद देवड़ा ने इतना ही कहा -मैं विकास के मार्ग पर चल रहा हूं। मिलिंद देवड़ा एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल होंगे। उनकी ज्वाइनिंग सीएम आवास पर होगी। आगामी लोकसभा चुनाव में देवड़ा के शिवसेना के टिकट पर दक्षिण मुंबई सीट से चुनाव लड़ने की भी चर्चाएं हैं। मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे के साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी की युवाओं की टीम को भी झटका लगा है।

यह भी पढ़ें- प. बंगाल में लगा कांग्रेस को झटका, विधायक बायरन बिस्वास TMC में शामिल

बताते चलें कि मिलिंद देवड़ा कांग्रेस के दिवंगत नेता मुरली देवड़ा के बेटे हैं। उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी के क्वेस्ट्रॉम स्कूल ऑफ बिजनेस से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में ग्रेजुएशन किया है। वर्ष 2004 के चुनावों में उन्होंने मुंबई दक्षिण से बीजेपी की जयवंतीबेन मेहता को दस हजार वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की थी।

साल 2011 में मिलिंद देवड़ा केंद्रीय संचार और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री बने। इसके अलावा अक्टूबर 2012 में उन्होंने जहाजरानी राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली। हाल ही में जब कांग्रेस वर्किंग कमेटी का ऐलान हुआ था तब पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मिलिंद को संयुक्त कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी, लेकिन इसके कुछ दिनों बाद ही उन्होंने इस्तीफा दे कांग्रेस छोड़ने का फैसला कर लिया।

यह भी पढ़ें- निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, शहर अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव भाजपा में शामिल