निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, शहर अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव भाजपा में शामिल

भाजपा में शामिल
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा की सदस्यता दिलाई।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस, सपा व रालोद के नेताओं का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला जारी है। रविवार को लखनऊ में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। शहर अध्यक्ष और 2022 विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अजय श्रीवास्तव ‘अज्जू’ अपने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा में शामिल हो गए।

अजय श्रीवास्तव व पार्षद प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं को यूपी के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा की सदस्यता दिलाई। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकदल के नेता राहुल चौधरी, बिजनौर के जिला महासचिव रविन्द्र शास्त्री ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। साथ ही समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने भी भाजपा की सदस्यता ली है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस को झटका, आंध्र-प्रदेश के पूर्व सीएम किरण रेड्डी हुए भाजपा में शामिल

इस अवसर पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भाजपा में शामिल हुए लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार की तरह है, जो आपको सम्मान के साथ आपको परिवार की तरह मानेंगी और आप सबकी भी जिम्मेदारी है कि भाजपा की रीति और नीतियों को आगे बढ़ाएंगे।

डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के नेतृत्व में भाजपा के जान कल्याण कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। इसके अलावा उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव में सभी लोग पूरी ताकत, लगन और मेहनत के साथ भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का काम करेंगे।

यह भी पढ़ें- UP निकाय चुनाव से पहले सपा को झटका, शाहजहांपुर से मेयर प्रत्याशी भाजपा में शामिल