सदफ व दारापुरी की रिहाई पर बोलीं प्रियंका- निर्दोष व बाबा साहब की विरासत आगे बढ़ाने वालों को गिरफ्तार कर भाजपा सरकार ने दिखाई अपनी असली सोच

आगरा मॉकड्रिल

आरयू ब्यूरो लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार हुईं कांग्रेस नेता सदफ जाफर और पूर्व आइपीएस अधिकारी एसआर दारापुरी के रिहाई के बाद प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव ने मंगलवार को कहा कि भाजपा सरकार ने निर्दोष लोगों और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत को आगे बढ़ाने वाले लोगों को गिरफ्तार करके अपनी असली सोच दिखाई है।

यह भी पढ़ें- #CAAProtest: सदफ जाफर व पूर्व IPS दारापुरी समेत अन्‍य की कोर्ट ने मंजूर की जमानत

प्रियंका गांधी ने आज सोशल मीडिया के माध्यम से ट्विट कर कहा कि अंबेडकरवादी चिंतक और पूर्व आइपीएस दारापुरी और कांग्रेस नेता सदफ जफर आज जेल से रिहा हो गए। कोर्ट द्वारा सबूत मांगने पर यूपी पुलिस बगलें झांकने लगी थी। भाजपा सरकार ने निर्दोष लोगों और बाबा साहब की विरासत को आगे बढ़ाने वाले लोगों को गिरफ्तार करके अपनी असली सोच दिखाई है, मगर झूठ कभी नहीं जीत सकता।

यह भी पढ़ें- काफिला रोकने पर प्रियंका ने जिस स्‍कूटी से तय की थी दूरी, अब लखनऊ पुलिस ने उसका काटा 61 सौ का चालान

बता दें कि सदफ जाफर की गिरफ्तारी काफी सुर्खियों में रहीं थी। उनके गिरफ्तार होने के बाद प्रियंका गांधी भी उनके बचाव में उतरी थीं और उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश सरकार ने अपनी सारी हदें पार कर दी हैं। इसके बाद प्रियंका गांधी ने उनके गोखले मार्ग स्थित आवास पर कांग्रेस की पूर्व प्रवक्‍ता सदफ जफर के बच्चों एवं उनकी बहन ने मुलाकात की थी। प्रियंका ने पुलिस के लाख रोकने के बावजूद एसआर दारापुरी के परिजनों से उनके घर जाकर मुलाकात की थी। पुलिस के विरोध पर कांग्रेस महासचिव स्‍कूटी से लखनऊ की सड़कों पर दूरी तय करते हुए पूर्व आइपीएस के घर पहुंचीं थीं।

यह भी पढ़ें- जेल से रिहा हुए पूर्व IPS दारापुरी व सदफ जफर, CM योगी पर बोला हमला, कहा जेल जानें-पिटने का डर हो गया दूर