संजय सिंह की बढ़ेंगी मुश्किलें, ED ने कोर्ट में पेश की 60 पेज की चार्जशीट

संजय सिंह की मुश्किलें

आरयू वेब टीम। दिल्ली आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के खिलाफ राउज एवेन्यू कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। कोर्ट में ईडी ने 60 पेजों की चार्जशीट दायर की। संजय सिंह को ईडी ने उत्पाद नीति मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। इस साल अक्टूबर में दिल्ली में उनके आवास पर नौ घंटे की तलाशी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

अभियोजन की शिकायत धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत एक स्थानीय अदालत के समक्ष दायर की गई है। यह इस मामले में एक पूरक आरोपपत्र है क्योंकि एजेंसी ने पहले ऐसी लगभग पांच शिकायतें दर्ज की थीं। मनी लॉन्ड्रिंग रोधी एजेंसी ने आरोप लगाया था कि एक आरोपी व्यवसायी दिनेश अरोड़ा ने राज्यसभा सांसद के आवास पर दो किश्तों में दो करोड़ नकद दिए। वहीं संजय सिंह ने दावे का खंडन किया है। कथित शराब नीति घोटाले में मनीष सिसौदिया को इस साल फरवरी में ही सीबीआइ ने गिरफ्तार कर लिया था।

यह भी पढ़ें- संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में AAP कार्यकर्ताओं ने बांटे घर-घर पर्चे, जनता को बताया सांसद का संघर्ष

मालूम हो कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को 24 नवंबर 2023 को राउज एवेन्यू कोर्ट ने निराशकरते हुए उनकी न्यायिक हिरासत चार दिसंबर तक के लिए बढ़ा दी थी। इससे पहले संजय सिंह को कोर्ट ने दस नवंबर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था। 24 नवंबर यानी शुक्रवार को उनकी हिरासत पूरी हो गई थी। उस दिन उन्हें ईडी ने राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था।

यह भी पढ़ें- जेल से संजय सिंह का जनता के नाम पत्र, मुझे खामोश करने को हुई गिरफ्तारी, निरंकुश सत्‍ता से लड़ने की इच्छाशक्ति हो रही और मजबूत