जामिया में छात्रों पर पुलिस की बर्बर कार्रवाई के खिलाफ इंडिया गेट पर धरने पर बैठीं प्रियंका गांधी

इंडिया गेट
इंडिया गेट पर धरने पर बैठीं प्रियंका साथ में कांग्रेस नेता।

आरयू वेब टीम। दिल्‍ली के जामिया विश्‍वविद्यालय में नागरिकता कानून के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस द्वारा हुई हिंसक कार्रवाई का कांग्रेस महासचिव ने प्रियंका गांधी ने विरोध किया है। साथ ही प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गई हैं। प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस के कई नेता भी धरने पर बैठे हैं।

प्रियंका गांधी ने जामिया मिल्लिया इस्लामिया में दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश का माहौल ‘खराब’ हो गया है, ‘देश का वातावरण खराब है। पुलिस विश्‍वविद्यालय में घुसकर छात्रों को पीट रही है। सरकार संविधान से छेड़छाड़ कर रही है। हम संविधान के लिए लड़ेंगे।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि छात्रों के साथ मारपीट देश की आत्मा पर हमला है। दो घंटे के धरने के बाद उन्होंने कहा कि हमें एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इस बात पर जवाब देना चाहिए कि कल विश्वविद्यालय में क्या हुआ? किसकी सरकार ने छात्रों के साथ मारपीट की? उन्हें डूबती अर्थव्यवस्था पर बोलना चाहिए। उनकी पार्टी के विधायक ने एक लड़की के साथ बलात्कार किया, उन्होंने उस पर बात क्यों नहीं की?

यह भी पढ़ें- जामिया लाइब्रेरी में पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ लोगों में रोष, दो‍षी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्र

प्रियंका के साथ केसी वेणुगोपाल, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी, अहमद पटेल, पीएल पुनिया, अंबिका सोनी और पार्टी के अन्य नेता भी धरने पर बैठे हैं। इस बीच खबर है कि तीन मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। डीएमआरसी के मुताबिक पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन मेट्रो के एंट्री और एग्जिट गेट को बंद कर दिया गया है। साथ ही पटेल चौक और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशन पर मेट्रो नहीं रुकेगी।

वहीं इससे पहले रविवार को प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि इस सरकार को जनता की आवाज से डर है, इसलिए वे छात्रों पर पत्रकारों को दबा कर अपनी मौजूदगी दर्ज कर रही है। रविवार की रात किए गए एक ट्वीट में प्रियंका गाधी ने कहा कि पीएम को युवाओं की आवाज सुननी होगी।

यह भी पढ़ें- #CABProtest: जामिया इलाके में हिंसक हुआ प्रदर्शन, बसों में लगाई आग, कैंपस में घुसी पुलिस, लगे संगीन आरोप

उन्‍होंने अपने एक अन्‍य ट्वीट में कहा कि देश की यूनिवर्सिटीज में घुसकर उसके अंदर छात्रों को पीटा जा रहा है। ऐसे समय में जब सरकार को जनता की आवाज सुननी चाहिए, उस वक्त बीजेपी सरकार नॉर्थ ईस्ट, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में छात्रों और पत्रकारों पर जुल्म ढा रही है। यह सरकार डरपोक है।

यह भी पढ़ें- जामिया-AMU बवाल मामले में SC सुनवाई को तैयार, बोले CJI किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं