आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार में मंत्रिपरिषद विस्तार के छह दिन बाद भी मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं होने पर शुक्रवार को अखिलेश यादव ने तंज कसा है। साथ ही सवाल उठाया कि क्या अब मंत्रियों के विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से आएगी। अखिलेश ने दावा किया कि कमीशन और कमाई के बंटवारे के कारण ही देर हो रही है।
अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘यूपी में मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से आएगी?’’ इस दौरान सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि मंत्रालयों के बंटवारे में देरी की असली वजह ‘‘कमीशन-कमाई के बंटवारे को लेकर डबल इंजन’’ सरकार के भीतर टकराव है। साथ ही तंज कसते हुए कहा कि, ‘‘दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नए मंत्री बने हैं, वे बेचारे दर्शक दीर्घा में बैठकर गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन बाकी मंत्रियों को ‘डब्बा’ कर देता है।’’
वहीं अखिलेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता नए मंत्रियों को मिलने वाले विभागों पर पूरी निगरानी रखेगी, ताकि वे ‘‘अपने खजाने न भर सकें।’’ ‘‘इस बात के लिए कागजी प्रमाण के साथ-साथ और भी ऑडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किये जाएंगे और इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी।’’
यह भी पढ़ें- योगी सरकार के मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, इन छह चेहरों को भी मिली चुनाव से पहले जगह
भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए पूर्व सीएम ने कहा, ‘‘अब जनता ही भाजपाइयों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी, क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने वाले बाकी सारे विभाग भाजपा ने बर्बाद कर दिए हैं। जनता को लगता है कि अब सोशल मीडिया और सिटिजन जर्नलिज्म के माध्यम से ही उन्हें न्याय मिल सकता है।’’ इस दौरान सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को पता है कि ये उसका ‘‘आखिरी कार्यकाल’’ है, इसलिए उसके नेता ‘‘दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा कि जागरूक जनता भाजपा को उसके ‘‘गंदे मंसूबों’’ में सफल नहीं होने देगी।
गौरतलब है कि योगी उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार के तहत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविवार को ‘जन भवन’ में आयोजित समारोह में छह नए समेत कुल आठ मंत्रियों को शपथ दिलाई थी। हालांकि, अब तक मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें- सपा सरकार में होगी महाराणा प्रताप की जयंती पर दो दिन की छुट्टी, अखिलेश ने किया ऐलान




















