सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री अहमद हसन का निधन

अहमद हसन का निधन

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व एमएलसी अहमद हसन का शनिवार को निधन हो गया। उनका इलाज लोहिया संस्थान के सीसीयू में चल रहा था। करीब 10 दिन पहले उन्हें गंभीर अवस्था में लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया था। सपा नेता के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई।

पूर्व मंत्री अहमद हसन को दो महीने पहले दिल की गंभीर बीमारी हुई थी। उन्हें लारी कार्डियोलॉजी में भर्ती कराया गया था। जहां उन्हें पेसमेकर लगा था। इसके बाद वह कोरोना की चपेट में आ गए। कोरोना से जंग जीतने के बाद फैक्चर हो गया। परिवारीजनों ने उन्हें गोमतीनगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई।

हालत गंभीर होने की जानकारी मिलते ही आनन-फानन उन्हें लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया। एनस्थीसिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. दीपक मालवीय ने बताया कि गंभीर अवस्था में उन्हें भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने उनकी जान बचाने की पूरी कोशिश की पर कामयाबी नहीं मिली।

यह भी पढ़ें- बप्‍पी लहरी का मुंबई में निधन, गमगीन बॉलीवुड ने दी श्रद्धांजलि

वहीं समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ट्वीट कर कहा, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता जनाब अहमद हसन जी का इंतकाल अपूरणीय क्षति है! शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना! दिवंगत आत्मा को शांति दे भगवान। विनम्र श्रद्धांजलि!

यह भी पढ़ें- नहीं रहे उद्योगपति राहुल बजाज, 83 साल की उम्र में निधन