प्रियंका का मोदी-योगी सरकार पर हमला, क्या सिर्फ एक बोरे राशन से चलती है जिंदगी

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में कांग्रेस महासचिव और यूपी की प्रभारी प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को वर्चुअल रैली के माध्यम से लोगों को संबोधित किया। इस दौरान प्रियंका ने केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार को निशाने पर लिया।

भाजपा की चुनावी रैलियों में बार-बार मुफ्त राशन देने की घोषणा पर प्रियंका गांधी ने हमला बोलते हुए कहा कि आपको राशन के बोरे पर निर्भर कर दिया गया है। यह ठीक है कि आपको राशन मिल रहा है, लेकिन आप कैसे बढ़ेंगे? क्या जिंदगी सिर्फ एक बोरे राशन से चलती है? आपका विकास कैसे होगा? ये आपको इसी तरह निर्भर रखना चाहते हैं। वे जानते हैं कि आप सक्षम हो जाएंगे तो सवाल पूछेंगे।

एक सिलेंडर से क्या महिलाएं होंगी सशक्त?

साथ ही कहा कि महिलाओं को एक मुफ्त सिलेंडर दे दिया। क्या एक सिलेंडर से महिलाएं सशक्त होंगी? बिना पढ़े लिखे, बिना आत्मनिर्भर बने वे सशक्त कैसे होंगी? क्या आप नहीं चाहते कि आपकी बेटी सक्षम और सशक्त बने? यह एक सिलेंडर से नहीं हो सकता।

रोजगार नहीं मिल रहा

प्रियंका ने आगे कहा कि महिला को सशक्त बनना है तो सबसे पहले उसकी पढ़ाई-लिखाई, उसके लिए रोजगार, उसके लिए सुरक्षा चाहिए। तब वह सक्षम बनेगी। इसी तरह नौजवानों के साथ किया जा रहा है। ऐसे नौजवान हैं जिन्होंने अपनी जिंदगी के कई साल गवां दिए, लेकिन रोजगार नहीं मिल रहा।

यूपी में 12 लाख पद पड़े खाली

कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि यूपी में 12 लाख पद खाली पड़े हैं लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। सरकार नौकरी नहीं दे रही है। हमने पूरा खाका बनाया है कि भर्ती प्रक्रिया होगी। परीक्षा कैलेंडर बनेगा। हर भर्ती के नियम पारदर्शी होंगे और निगरानी के लिए भर्ती आयोग बनाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- आशीष मिश्रा की जमानत पर बोलीं प्रियंका, किसानों को रौंदने वाला घूमेगा आजाद, पीएम मोदी ने क्‍यों नहीं लिया गृह राज्‍यमंत्री से इस्‍तीफा

वहीं भाजपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि जो आपके सामने जाति-धर्म की बातें करते हैं, आपको आपस में लड़ाने की बातें करते हैं, इससे आपका फायदा नहीं है। इससे उनका फायदा है। आप सबका परिवार है। आप बताइए कि क्या परिवार का मुखिया भाई-भाई को आपस में लड़ाता है? आपस में लड़ेंगे तो विकास कैसे होगा? साथ ही कहा कि हमसे पूछा जाता है कि आपने 70 सालों में क्या किया? हमने बनाया नहीं होता तो आप बेचते क्या? वो बंदरगाह, वो कंपनियां, वो तमाम संस्थान जो बेच रहे हैं, किसने बनाया? कांग्रेस ऐसी पार्टी है जिसने काम किया है और आज आपसे अपने काम के आधार पर समर्थन मांग रही है।

यह भी पढ़ें- उन्नाव पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए लड़ेगी कांग्रेस, मां से बात कर प्रियंका ने दिलाया भरोसा