आशीष मिश्रा की जमानत पर बोलीं प्रियंका, किसानों को रौंदने वाला घूमेगा आजाद, पीएम मोदी ने क्‍यों नहीं लिया गृह राज्‍यमंत्री से इस्‍तीफा

किसानों को रौंदने वाला
जनता को संबोधित करतींं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लखीमपुर में किसानों की चार पहिया वाहन से कुचलकर हत्‍या करने के मुख्‍य आरोपित आशीष मिश्रा को जमानत मिलने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम नरेंद्र मोदी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्रियंका ने कहा है कि किसानों को रौंदने वाला अब आजाद घूमेगा। साथ ही आशीष मिश्रा के पिता व गृह राज्‍य मंत्री अजय मिश्रा के अब तक पद पर बने रहने को लेकर सवाल उठाते हुए प्रियंका ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आखिर अब तक उनका इस्‍तीफा क्‍यों नहीं लिया है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर किसान हत्‍याकांड में गृहराज्‍य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को हाई कोर्ट से मिली जमानत

प्रियंका गांधी आज रामपुर और मुरादाबाद में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में रोड शो और जनसंपर्क कर रहीं थीं। इस दौरान आशीष मिश्रा को जमानत मिलने पर बिलासपुर में उन्होंने कहा, जिसने किसानों को कुचला, उसके पिता को मंत्री पद से क्यों नहीं हटाया? नरेंद्र मोदी ने इस्तीफा क्यों नहीं मांगा? आज उस लड़के को जमानत मिल गई। वह फिर से आजाद घूमेगा। प्रधानमंत्री पद की एक नैतिक जिम्मेदारी होती है। उसे निभाना होता है। वह धर्म सब धर्म से परे होता है। जो अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाता, उसे हटाओ।

मोदी में क्या देश व किसानों के प्रति कोई नैतिक जिम्मेदारी है?

हमला जारी रखते हुए प्रियंका ने कहा कि जो सिर्फ आपको बांटने की राजनीति करते हैं वे आपके लिए कुछ नहीं कर सकते। प्रधानमंत्री मोदी में क्या देश और देशवासियों के प्रति, किसानों के प्रति कोई नैतिक जिम्मेदारी है? उनके मंत्री के बेटे ने किसानों के साथ ऐसा किया। सबसे पहले तो आप उन्हें गिरफ्तार करने के लिए तैयार नहीं थे। सबने संघर्ष किया। तब जाकर आशीष मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है, लेकिन आप अभी भी मंत्री के साथ खड़े हैं।

बाप पीएम के साथ आज भी स्टेज पर होता है खड़ा

उन्होंने कहा कि जब हम जैसे लोग उन पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे थे, तो हमें रोकने में लगी थी यूपी पुलिस। तमाम पुलिस-प्रशासन सड़क पर खड़ा था। हम किसका नुकसान करने जा रहे थे। जिसका नुकसान हुआ उसको बचाया नहीं, जिसने नुकसान किया, उसका बाप पीएम के साथ आज भी स्टेज पर खड़ा होता है।उन्होंने कहा कि हर कार्यक्रम में मंत्री जी पीएम मोदी के साथ होते हैं। वे उनकी कैबिनेट में भी हैं।

वो थोड़ी ट्रेन चला रहे थे?

जनता से सवाल करते हुए प्रियंका ने कहा कि क्या आपको नहीं लगता की ये गलत है। आप हर समय देशवासियों को गुमराह नहीं कर सकते। सबने देखा है, क्या हुआ इस मामले में। उन्होंने कहा, भले ही सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच रही है, लेकिन पीएम की भी नैतिक जिम्मेदारी होती है। पहले अगर हादसा होता था तो रेल मंत्री इस्तीफा देते थे क्यों? वो थोड़ी ट्रेन चला रहे थे? सरकार की जवाबदेही होनी चाहिए।

भर्तियों की बात क्यों नहीं करते

वहीं सीएम योगी के बयान पर सवाल उठाते हुए प्रियंका ने कहा कि जो राजनीतिक दल गर्मी, चर्बी की बात कर रहे हैं, वह युवाओं के लिए भर्तियों की बात क्यों नहीं करते हैं।

कांग्रेस प्रत्‍याशियों का समर्थन करने की अपील

कांग्रेस की यूपी प्रभारी ने जनता से कांग्रेस प्रत्‍याशियों का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि कहा कि ‘‘बेरोजगारी, महंगाई, महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराध, और गरीबी के मुद्दों पर वोट करें। सोचें और वोट करें। अपना वोट किसी ऐसे व्यक्ति को दें जो इन मुद्दों को हल करने के लिए काम कर रहा है।‘‘ उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे आमजन के मुद्दों को ध्यान में रखते हुए वोट करें।