प्रियंका की जनता से अपील, “गर्मी-चर्बी नहीं, भर्ती निकालने वालों को दीजिए मौका”

गर्मी चर्बी
रोड शो करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/अलीगढ़। यूपी विधानसभा चुनाव में गर्मी शांत करने चर्बी उतारने व अन्‍य भड़काऊ मुद्दे हावी होते दिख रहें हैं। ऐसे में शनिवार को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने जनता से जनता के मुद्दों पर ही वोट देने की अपील की है। बहकाऊ व भड़काऊ बयान देकर माहौल खराब करने की साजिश रचने वाले नेताओं से सतर्क रहने की बात करते हुए प्रियंका ने कहा है कि कोई कह रहा गर्मी निकाल देंगे, कोई कहा चर्बी निकाल देंगे, लेकिन आप लोग ऐसे नेताओं को खारिज करिए, कांग्रेस भर्ती निकालती है, इसलिए यूपी विधानसभा चुनाव में इस बार आप कांग्रेस प्रत्‍याशियों को अपना वोट देकर उन्‍हें मौका दीजिए।

आज अलीगढ़ जनपद की इगलास विधानसभा क्षेत्र में रोड शो के जरिए कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति धनगर के समर्थन में लोगों से मतदान करने की प्रियंका गांधी अपील कर रही थीं। इगलास के बाद प्रियंका ने अलीगढ़ पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशी मो. सलमान इम्तियाज के समर्थन में रेलवे रोड से रोड शो शुरू किया।

यह भी पढ़ें- अखिलेश-जयंत की जोड़ी पर निशाना साध जनसभा में बोले सीएम योगी, “माल वहीं सड़ा-गला, पूरी गर्मी कर दूंगा शांत”

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने लोगों से कहा कि हम लोग कह रहे हैं कि चुनाव के समय विकास की बातें होनी चाहिए। कोई कह रहा है गर्मी निकालेंगे, कोई कह रहा है चर्बी निकालेंगे, कांग्रेस कह रही है कि हम भर्ती निकालेंगे। तमाम नौजवान बेरोजगार हैं, भर्तियां पड़ी हुई है, 12 लाख खाली पद पड़े हैं सरकार में, उन्हें भरा जाए। इस बार भर्ती निकालने की बात करने वालों को वोट दीजिए, चर्बी निकालने और गर्मी निकालने वालों को खारिज कीजिए।’’ इगलास विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस महासचिव ने रोड शो के साथ डोर टू डोर प्रचार भी किया।

डोर टू डोर प्रचार अभियान और प्रियंका गांधी के रोड शो के दौरान प्रियंका और कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन करने हजारों लोग पहुंचे। इस दौरान जनता ने प्रियंका जगह-जगह फूल-मालाओं व जोशीले नारों से स्‍वागत किया। अपने बीच प्रियंका को पाकर कांग्रेस के स्‍थानीय नेता व कार्यकर्ता खासे उत्‍साहित दिखे।

20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी

प्रियंका ने इस मौके पर कहा कि विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और सरकारी नौकरियों की भर्ती न निकालना प्रदेश के युवाओं का प्रमुख मुद्दा है। कांग्रेस ने इसके समाधान के लिए अपने वादों की रणनीति तैयार कर ली है और यूपी के लिए जारी किए गए यूथ मेनिफेस्टो में आठ वादे किए गए हैं। जिनमें 20 लाख सरकारी नौकरियों की गारंटी, इनमें आठ लाख सरकारी पद महिलाओं के लिए रिजर्व। परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा स्थल तक बस और रेल यात्रा मुफ्त करने जैसी घोषणाएं शामिल हैं।