आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा की शुरूआत कर दी है। पदयात्रा को पूर्व में मिले जनसर्मथन से उत्साहित आप के यूपी प्रभारी संजय सिंह ने शनिवार को इसकी शुरूआत मेरठ से करते हुए योगी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाया। साथ ही आप सांसद ने कहा कि यह देश किसी बाबा के फरमान से नहीं, बल्कि बाबा साहब के संविधान से चलेगा।
कमिश्नरी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि नीट समेत अब तक 93 परीक्षाओं के पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब चार करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को जोड़ लें तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर भाजपा सरकार ने चोट पहुंचाई है।
आप सांसद ने कार्यक्रम के बारे में कहा कि यह पदयात्रा युवाओं के रोजगार, सरकारी नौकरियों, रेडी-पटरी वालों, ठेला चालकों, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर की कार्रवाई से उजाड़े जा रहे लोगों की आवाज उठाने के लिए निकाली गई है।
काशी-अयोध्या व लखनऊ व्यापारियों को उजाड़ा
संजय सिंह ने आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और बेरोजगार युवाओं से इस पदयात्रा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि रोजगार की लड़ाई हर उस व्यक्ति की लड़ाई है जिसका हक छीना जा रहा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज, काशी, अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद समेत कई शहरों में हजारों छोटे व्यापारियों और गरीबों को उजाड़ा गया, लेकिन सरकार ने उनकी सुध नहीं ली।
महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स के जरिए करीब 44 लाख करोड़ रुपये वसूले, जबकि तेल कंपनियों ने 3.5 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 20 से 30 डॉलर प्रति बैरल था, तब भी जनता को महंगा पेट्रोल-डीजल बेचा गया और गोदी मीडिया ने कभी सवाल नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद अडानी समूह ने गैस के दाम तीन गुना तक बढ़ा दिए।
हिंदुस्तान के मुसलमानों से परहेज, लेकिन…
प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर टिप्पणी करते हुए संजय सिंह ने कहा कि देश की जनता महंगे पेट्रोल-डीजल और बेरोजगारी से परेशान है, लेकिन प्रधानमंत्री पांच देशों की यात्रा पर निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को हिंदुस्तान के मुसलमानों से परहेज है, लेकिन विदेशों में मुस्लिम देशों के नेताओं को गले लगाने में कोई दिक्कत नहीं होती।
दंगे-नफरत की राजनीति करती है BJP
संजय सिंह ने कहा कि देश में नफरत की राजनीति बंद होनी चाहिए, क्योंकि इससे किसी का भला नहीं होता। उन्होंने जनता से भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को खारिज करने की अपील करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल शिक्षा, स्वास्थ्य और मुफ्त सुविधाओं की राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा दंगे और नफरत की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सत्ता का अहंकार लोकतंत्र के लिए खतरनाक है और देश के क्रांतिकारियों ने सत्ता नहीं बल्कि देश बचाने की राजनीति की थी। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में सरकारी स्कूल बंद हुए, स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल हुई और महंगाई चरम पर पहुंच गई, जिसका सबसे ज्यादा असर गरीब और आम हिंदू समाज पर पड़ा है।
यह भी पढ़ें- स्मार्ट मीटर के खिलाफ AAP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, नोकझोंक के बाद पुलिस ने हिरासत में लिया
संजय सिंह ने कहा कि पिछले चार चरणों की पदयात्राओं को जनता का भारी समर्थन मिला है और यही समर्थन इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं आज पहले दिन की पदयात्रा कमिश्नरी पार्क से शुरू होकर कचहरी के सामने हनुमान मंदिर, बच्चा पार्क, खैरनगर चौपला, घंटाघर, डीएन कॉलेज, मेट्रो प्लाजा होते हुए ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे गणपति भवन पहुंची, जहां आज की पदयात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे तथा जगह-जगह सांसद संजय सिंह का जोरदार स्वागत किया गया।
इस दौरान आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक एवं यूपी सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी, विधायक एवं यूपी सह प्रभारी अनिल झा, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत, निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, जिलाध्यक्ष अकुंश चौधरी, प्रवक्ता सर्वेश मिश्रा, प्रवक्ता वंशराज दुबे, जनक प्रसाद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















