AAP सांसद का हमला, महंगाई से त्रस्त जनता को जीते जी मरने पर मजबूर कर रही भाजपा सरकार

महंगाई से त्रस्त जनता
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश समेत देश भर में लगातार आसामान छूती महंगाई के मुद्दे को लेकर आम आदमी के राज्‍यसभा सांसद संजय सिंह ने आज भाजपा सरकार पर हमला बोला है। संजय ने कहा है कि भाजपा सरकार इवेंट मेनैजमेंट में मस्‍त है, जबकि आम जनता महंगाई से त्रस्‍त हो चुकी है। सरकार अपनी नीतियों के चलते त्रस्‍त जनता को जीते जी मरने के लिए मजबूर कर रही है।

आज एक बयान के साथ ही आप के यूपी प्रभारी ने सोशल मीडिया के जरिए भी मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्विट कर कहा है कि चार साल में आटे के दाम 42 प्रतिशत बढ़े, पेट्रोल 110 का हो गया, डीजल 105, सरसो का तेल 200 पार, गैस सिलिंडर 1000 के पार, सब्ज़ियां महंगी, आम जनता का जीना महंगा। मोदी सरकार इवेंट मैनेजमेंट में मस्त है और आम जनता त्रस्त है।

यह भी पढ़ें- भाजपा ने बुलडोजर से बनाई वसूली की योजना, जनता के साथ खड़ा है AAP का विधायक: मनीष सिसोदिया

संजय सिंह ने सरकार से तत्काल महंगाई पर नियंत्रण कर जनता को राहत देने की मांग करते हुए कहा है कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है जिससे देश की जनता जीते जी मरने को मजबूर है। भाजपा सरकार के निर्णय देश की जनता को परेशान कर रहे हैं।

भावनायें भड़का सत्ता में रहना भाजपा का परम लक्ष्य

आरोप लगाते हुए संजय सिंह ने आगे कहा है कि देश की जनता की भावनायें भड़काकर सत्ता में बने रहना भाजपा का परम लक्ष्य है। खाने-पीने के सामान से लेकर तेल के दाम बढ़ने से रिटेल महंगाई आठ साल के पीक पर पहुंच चुकी है। क्रूड पेट्रोलियम और नेचुरल गैस के लिए अप्रैल में इंफ्लेशन 69.07 प्रतिशत रहा। वहीं फ्यूल और पावर की महंगाई दर बढ़कर 38.66 प्रतिशत पर जा पहुंची।

जनता को सहूलित देना सरकार का पहला कर्तव्य

सवाल उठाते हुए आप सांसद ने कहा कि यह कैसा भाजपा का शासन काल है कि जिसमें सस्ती नाम की कोई चीज है ही नहीं। सब्‍जी, गेहूं, फल और आलू की कीमतें अप्रैल में सालाना आधार पर तेजी से बढ़ी जिसके चलते खाने के सामान की महंगाई बढ़ती जा रही। जनता को सहूलित देना सरकार का पहला कर्तव्य होता है, लेकिन मोदी सरकार तो जनता पर एक के बाद एक महंगाई का बोझ डालकर उससे जीने का अधिकार भी छीनने में लगी है।