मालवीय नगर के अवैध रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 लोगों की मौत, कई घायल

रेस्टोरेंट में लगी आग
आग बुझाते फायर ब्रिगेडकर्मी

आरयू वेब टीम। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार को एक अवैध रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग और धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत बचाव कार्य शुरू किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आज सुबह के समय अचानक रेस्टोरेंट में आग भड़की और कुछ ही देर में पूरे परिसर में फैल गई। आग लगने के कारण इमारत के अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बाहर निकलने का रास्ता तलाशते रहे, जबकि कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों और बालकनियों से नीचे छलांग लगाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग के साथ उठ रहे घने काले धुएं ने स्थिति को और गंभीर बना दिया, जिससे लोगों को सांस लेने में भी कठिनाई होने लगी।

वहीं आग लगने की सूचना सुबह करीब नौ बजे दमकल विभाग को मिली। जिसपर कई यूनिट्स को मौके पर पहुंची।  दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती चरण में दो वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक क्विक रिस्पॉन्स वाहन और अन्य अग्निशमन संसाधनों को मौके पर भेजा गया। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुल दस दमकल गाड़ियों को आग पर काबू पाने के अभियान में लगाया गया। दमकल कर्मियों ने इमारत के विभिन्न हिस्सों में फंसे लोगों को निकालने और आग को आस-पास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए।

अधिकारियों के अनुसार हादसे में 21 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 15 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों का कहना है कि पूरी इमारत की तलाशी ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह गया हो। इसी वजह से अभियान को पूरी सावधानी के साथ आगे बढ़ाया।

मिली जानकारी के अनुसार संबंधित रेस्टोरेंट में भोजन के साथ ठहरने की भी व्यवस्था थी। इसी कारण कुछ विदेशी नागरिक भी वहां रुके हुए थे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मृतकों और घायलों में कितने विदेशी नागरिक शामिल हैं। प्रशासन इस संबंध में जानकारी जुटा रहा है।

यह भी पढ़ें- चारमीनार के पास लगी भीषण आग में आठ मासूमों समेत परिवार के 17 सदस्‍यों की दर्दनाक की मौत

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच के लिए पुलिस, दमकल विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। तकनीकी विशेषज्ञ भी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आग किस वजह से लगी और क्या सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।

यह भी पढ़ें- सिलेंडर ब्लास्ट से लगी भीषण आग में 62 झुग्गी-झोपड़ियां जली, गृहस्‍थी खाक में मिलती देख रो पड़े गरीब