आरयू ब्यूरो, लखनऊ। जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में एलओसी के पास हुए धमाके में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उरी सेक्टर के कमलकोट इलाके में हुई। जहां जोरदार धमाका हुआ, जिसमें दोनों सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह बारामूला जिले के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास बड़ा धमाका हुआ। जिससे इलाके में दहशत फैल गई। जबकि धमाके में घायल होने के बाद दोनों जवानों को श्रीनगर के बादामीबाग छावनी स्थित सेना के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन दोनों जवानों को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों जवान आठ राष्ट्रीय राइफल्स से संबद्ध थे। शहीद हुए सैनिकों की पहचान अर्जुन जाधव और विक्रम बालकृष्ण के रूप में की गई है। दोनों जवाह महाराष्ट्र के रहने वाले थे। अर्जुन जाधव सतारा जिले की कराड तहसील के शाहपुर गांव के रहने वाले थे, जबकि विक्रम बालकृष्ण ऐरोली के निवासी थी। वहीं धमाके के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है। फिलहाल सेना हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- पुंछ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर किए दो आतंकी
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के तीन जिलों से होकर नियंत्रण रेखा गुजरती है, जिनमें बारामूला, कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिले शामिल हैं। एलओसी की कुल लंबाई 740 किलोमीटर है. जबकि जम्मू डिवीजन में एलओसी पुंछ, राजौरी और आंशिक रूप से जम्मू की सीमा से होकर गुजरती है। इसके अलावा करीब 240 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा सांबा, जम्मू और कठुआ जिलों से लगी हुई है।


















