आरयू वेब टीम। कश्मीर के बडगाम के अशदार गली इलाके में सेना ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन के दौरान एक आतंकी को ढेर कर दिया है। शुक्रवार को खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षाबलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया जो मुठभेड़ में बदल गया। इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। साथ ही जांच में भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किया।
मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को एक से दो आतंकी और छुपे होने की खबर मिली। जिसके बाद भारतीय सेना, जम्मू कश्मीर पुलिस और श्रीनगर सीआरपीएफ ने ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
इस दौरान जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और चुनौती देने पर आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी गोलीबारी की। इस मुठभेड़ में एक आतंकी को ढेर कर दिया। आतंकी के शव के पास से सुरक्षाबलों ने एके 47 राइफल और युद्ध से जुड़ी अन्य सामाग्री बरामद कीं।
ऑपरेशन के बारे में बात करते हुए अधिकारियों ने बताया, ‘जम्मू कश्मीर के बडगाम में सेना और अन्य सुरक्षाबलों के ज्वाइंट ऑपरेशन में एक आतंकवादी मारा गया है।’ ये एंटी-टेरर ऑपरेशन गुरुवार को बडगाम जिले के ऊंचे पहाड़ी और जंगली इलाकों में कई दिनों तक चले घेराबंदी और तलाशी अभियान के बाद शुरू किया गया था।
यह भी पढ़ें- राजधानी में आतंकी हमले की साजिश रच रहा लश्कर-ए-तैयबा, खुफिया एजेंसी ने जारी किया अलर्ट
मुठभेड़ गुरुवार देर शाम शुरू हुई, जब सुरक्षा कर्मियों की जॉइंट टीम, जिसमें भारतीय सेना के दस पैरा कमांडो, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ शामिल थे, ने ऊबड़-खाबड़, जंगली इलाके में घिरे भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों के एक समूह को पकड़ने के लिए कड़ा घेरा बनाया। डेटा को ट्रैक करने के बाद, आतंकियों को अशदार गली इलाके के पास छिपे हुए पाया गया और गुरुवार देर शाम दस पैरा के जवानों और आतंकियों के बीच शुरुआती गोलीबारी हुई।
पूरी रात घने जंगल वाले इलाके में रुक-रुक कर गोलियों की आवाज आती रही, जबकि अतिरिक्त बल को मौके पर भेजा गया ताकि भागने के सभी संभावित रास्तों को बंद किया जा सके। आखिरकार, आज सुरक्षा बल एक आतंकवादी को मार गिराने में सफल रहे, जबकि अन्य आतंकी की तलाश में जवान जुटे हैं।




















