आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में पिछले चार दिनों से जारी सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार को सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर जाकिर गनी को एक मुठभेड़ में मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने इस सफल ऑपरेशन की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ वाली जगह से आतंकवादी का शव और भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ये ऑपरेशन शोपियां के चनापोरा इलाके में शनिवार को शुरू हुआ था। आतंकियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने के बाद जम्मू- कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी), सेना की 55 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक संयुक्त टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी की थी। कड़ी निगरानी और घेराबंदी के बीच, बुधवार को तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को एक गौशाला के पास से संदिग्ध हलचल का अहसास हुआ, जिसके बाद वहां से गोलीबारी शुरू हो गई।
सुरक्षाबलों ने आतंकियों की फायरिंग पर तुरंत और सटीक जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर चली इस मुठभेड़ के शांत होने के बाद जब इलाके की तलाशी ली गई, तो वहां से लश्कर कमांडर जाकिर गनी का शव बरामद हुआ। जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसे घाटी में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी बताया है।
यह भी पढ़ें- गढ़चिरौली के जंगल में पुलिस से मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर, जवान भी शहीद
इस सफलता पर पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, ‘तुम भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते!
एसओजी शोपियां ने 55आरआर और सीआरपीएफ के साथ संयुक्त ऑपरेशन में लश्कर के एक आतंकवादी को मार गिराया है।’
वहीं सुरक्षा एजेंसियों के लिए ऑपरेशन अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। खुफिया इनपुट्स के मुताबिक, जाकिर के साथ लश्कर-ए-तैयबा का एक और खूंखार आतंकवादी ‘लतीफ’ भी मौजूद था, जो सुरक्षा बलों की घेराबंदी तोड़कर भागने में सफल रहा।
यह भी पढ़ें- पुलिस व सुरक्षाबलों से मुठभेड़ में तीन माओवादी ढेर, हथियार बरामद



















