आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। पुंछ जिले में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन की चपेट में मरने वालों की संख्या बढ़कर दस हो गई है। सबसे अधिक असर सुरनकोट इलाके में देखा गया। कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू टीमें राहत एवं बचाव अभियान में युद्धस्तर पर जुट गईं। दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी भूस्खलन से अहम सड़क मार्ग बंद हो गया है।
जानकारी के मुताबिक लगातार बारिश के कारण पुंछ जिले के कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। सबसे ज्यादा नुकसान सुरनकोट क्षेत्र में हुआ, जहां एक ही परिवार के छह सदस्यों सहित नौ लोगों की मौत हो गई। हवेली इलाके में भी एक व्यक्ति की जान चली गई और कम से कम सात घर क्षतिग्रस्त हो गए। मंडी क्षेत्र में भी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन के मुताबिक कई इलाकों से लोगों के लापता होने की सूचना है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है। निचले इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें डूब गई हैं और कई घरों को नुकसान पहुंचा है। आपदा प्रभावित इलाकों में एसडीआरएफ, नडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए नावों और हेलिकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। घायलों का इलाज कराया जा रहा है। जबकि कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और राहत शिविरों में भोजन, दवाइयों तथा अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें- भारी बारिश व भूस्खलन से यातायात बाधित, पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे व पुराना हाईवे अगले आदेश तक बंद
वहीं भारी बारिश का असर हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भी देखने को मिला। भटियात क्षेत्र में लाहडू-सिंहुंता सड़क मार्ग पर भारी भूस्खलन के कारण पूरा पहाड़ सड़क पर आ गिरा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था। ये मार्ग धर्मशाला, चंबा और डलहौजी के बीच आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। मौसम विभाग पहले ही भारी बारिश की चेतावनी जारी कर चुका था और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा अभी भी बना हुआ है।
स दौरान मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा जारी रहने की चेतावनी दी है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी समेत कई जिलों में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने तथा नदी-नालों और पहाड़ी ढलानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।




















