आरयू वेब टीम। कोलकाता में शहीद दिवस कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। ममता बनर्जी ने कहा कि आज उमड़ा जनसैलाब बंगाल की जनता के उनके प्रति अटूट विश्वास और स्नेह का प्रमाण है। ममता बनर्जी ने कहा कि हर चुनौती और मुश्किल घड़ी में जनता उनके साथ खड़ी रही है और उनकी पार्टी भी हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है। असली तृणमूल कांग्रेस हम हैं’, साइन बोर्ड लगाने से कोई असली नहीं होता।
ममता बनर्जी ने कहा, ‘जनता का भरोसा हमें प्रेरित करता है, उनका समर्थन हमें मजबूत बनाता है और उनका अटूट विश्वास हमें विनम्रता और संकल्प के साथ उनकी सेवा करते रहने की प्रेरणा देता है। शहीद दिवस के मंच से ममता बनर्जी ने टीएमसी के बागी नेताओं और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि साइन बोर्ड लगाने से कोई असली तृणमूल कांग्रेस नहीं बन जाता। उन्होंने कहा, ‘असली तृणमूल कांग्रेस हम हैं।’
इस दौरान ममता ने नारा दिया ‘असली तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद’ देश बचाओ, बंगाल बचाओ।’ ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव से पहले कई लोगों ने सेटिंग की थी, लेकिन अब धीरे-धीरे सब कुछ सामने आ रहा है। उन्होंने अपने समर्थकों आश्वास्त करते हुए कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए हैं, उनमें से सभी को वापस नहीं लिया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने समर्थकों से संघर्ष के लिए तैयार रहने की अपील कर कहा कि अगर सरकार और भाजपा विरोधियों पर मामले दर्ज किए जाते हैं तो कार्यकर्ताओं को जेल जाने से डरना नहीं चाहिए। ‘हम जेल जाने के लिए तैयार हैं। पूरे राज्य को जेल बना दीजिए। जेल से मत डरिए। जो जेल जाएगा, उसका सम्मान किया जाएगा।’ पूर्व सीएम ने दावा किया कि बड़ी संख्या में मामले दर्ज किए गए हैं और कहा कि इन मामलों में फंसाए गए लोगों के बाहर आने पर उनका सम्मान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- ममता ने कहा, TMC को खत्म करने से पहले भाजपा सरकार को होगा मुझे मारना
इस मौके पर ममता बनर्जी ने भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील की। साथ ही कहा, ‘बंगाल की हर उस राजनीतिक पार्टी से अनुरोध करूंगी जो भाजपा के खिलाफ है कि वह एक साथ आए।’ उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक को एक होकर संघर्ष करना चाहिए और उनके अंदर किसी तरह का अहंकार नहीं है। ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा के खिलाफ लड़ाई में सभी को साथ आना चाहिए। वहीं ममता बनर्जी ने टीएमसी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आंदोलन तेज करने का आह्वान कर कहा कि सभी लोग जिलों में जाएंगे और जनता के बीच काम करेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में नबन्ना और राइटर्स बिल्डिंग के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।




















