आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस के तीन राज्यसभा सांसदों ने इस्तीफा दिया था। इन सीटों पर निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव का ऐलान कर दिया है। इन तीनों ही सीटों पर 24 जुलाई को मतदान होगा।
ईसी के अनुसार इन सीटों पर 24 जुलाई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे वोटों की गिनती कराई जाएगी। निर्वाचन कार्यक्रम के तहत सात जुलाई को अधिसूचना जारी होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 14 जुलाई तय की गई है। 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 17 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी।
पश्चिम बंगाल में भाजपा के पास विधानसभा की 207, तृणमूल कांग्रेस के पास 80, कांग्रेस के पास, हुमायूं कबीर की पार्टी को दो और सीपीआई-एआईएसएफ के पास एक-एक सीट है। टीएमसी दो गुटों में बंटी हुई है, ऐसे में पूरी संभावना है कि बीजेपी इन तीनों ही सीट पर आसानी से जीत हासिल कर लेगी, जिसके बाद राज्यसभा में एनडीए का आंकड़ा बढ़कर 155 तक पहुंच जाएगा।
यह भी पढ़ें- अब बंगाल TMC चीफ चंद्रिमा भट्टाचार्य ने छोड़ा ममता का साथ, दिया सभी पदों से इस्तीफा
ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले सुखेंदु शेखर रॉय पहले राज्यसभा सांसद थे, जिन्होंने आठ जून को टीएमसी और संसद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। उन्होंने टीएमसी में भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ हिंसा और ममता बनर्जी के नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। वहीं सुखेंदु शेखर रॉय के बाद बाद सुष्मिता देव ने दस जून को टीएमसी छोड़ने का ऐलान कर दिया था। जबकि सुष्मिता देव के बाद प्रकाश चिक बराइक तीसरे राज्यसभा सांसद थे, जिन्होंने टीएमसी से इस्तीफा दिया था।




















