आरयू वेब टीम। उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से पूर्व सांसद और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। महिला पहलवानों के यौन शोषण से जुड़े मामले में अदालत ने बृजभूषण शरण को बरी कर दिया है। इस मामले में सह-आरोपी विनोद तोमर को भी कोर्ट ने दोषमुक्त कर दिया। फैसला सुनाए जाने के दौरान पूर्व सांसद खुद अदालत में मौजूद रहे।
कोर्ट से बरी होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्हें शुरू से ही न्याय व्यवस्था पर भरोसा था। उन्होंने कहा, “मैंने पहले भी कहा था कि अगर मेरे खिलाफ आरोप साबित हो गए और अदालत मुझे दोषी ठहराती, तो मैं सबसे कड़ी सजा स्वीकार करता। आज अदालत ने मुझे और विनोद तोमर को बाइज्जत बरी कर दिया है। यह मेरे और मेरे समर्थकों के लिए खुशी का दिन है।”
साथ ही कहा कि उन्होंने 15-16 साल की उम्र से संघर्ष किया है और कभी खुद को दोषी नहीं माना। उनका कहना था कि उन्हें हमेशा विश्वास था कि अदालत से न्याय मिलेगा। बृजभूषण शरण ने ये भी कहा कि उन्होंने हमेशा जूनियर खिलाड़ियों के हितों के लिए काम किया है।
यह भी पढ़ें- अयोध्या पहुंचे पूर्व सांसद बृजभूषण ने कहा, मैं हनुमान जी का भक्त, विरोध करने वालों को दंड देंगे भगवान
बिना किसी का नाम लिए बृजभूषण ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कई राजनीतिक दल भी शामिल हो गए थे। साथ ही कहा कि कुछ बड़े नेताओं ने प्रदर्शन कर रहे पहलवानों का समर्थन किया था और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी। अब अदालत के फैसले के बाद उन्हें लगता है कि सच्चाई सामने आ गई है।



















