आरयू वेब टीम। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। तीसा- बैरागढ़ मार्ग के चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक निजी बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें चालक समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव कार्य शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार ये बस ‘शर्मा ट्रैवलर्स’ कंपनी की थी जो आज सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा की तरफ आ रही थी। ये बस बैरागढ़ से रवाना होने के बाद महज तीन किलोमीटर ही चली थी कि देवीकोठी के समीप बने चालुज मोड़ पर अचानक चालक ने बस से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होने के बाद बस सड़क से नीचे की ओर जा गिरी।
इस भीषण सड़क हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर समेत सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा इस दुर्घटना में करीब सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस दौरान बस के अंदर कुल 15 से 20 यात्री सवार थे।
यह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल
वहीं हादसे की खबर लगते ही आस-पास के स्थानीय ग्रामीण भारी संख्या में घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और बिना किसी देरी के पुलिस को सूचित करने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस के मलबे से घायलों को बाहर निकाला। जिसके बाद पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य माध्यमों से नजदीकी सिविल अस्पताल तीसा में इलाज के लिए भिजवाया।
इस संबंध में चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल पर तैनात है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।



















