यूपी: एयरपोर्ट पर संदिग्‍ध परिस्थितियों में यात्री की पिस्‍टल चली गोली, युवती समेत दो स्क्रीनर्स घायल, मचा हडंकप

वाराणसी एयरपोर्ट

आरयू ब्यूरो, वाराणसी। वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार को एक यात्री की पिस्‍टल से संदिग्‍ध परिस्थितियों में गोली चलने हड़कंप मच गया। गोली लगने से एयरपोर्ट पर तैनात युवती समेत दो एएआइसीएलएएस स्क्रीनर्स घायल हो गए। जिसके बाद आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। साथ ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एयरपोर्ट जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की घटना से एयरपोर्ट की सुरक्षा व्‍यवस्‍था पर गंभीर सवाल उठ रहें हैं।

वाराणसी एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, घटना आज सुबह उस समय की है जब मुंबई जाने वाली IX-1810 फ्लाइट में सफर करने वाले आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय, पुत्र केदारनाथ राय, अपनी 50 वर्षीय पत्नी सुषमा राय के साथ मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। बताया गया कि उनके ट्रैवलिंग बैग में जांच के दौरान उनकी लाइसेंसी पिस्टल मिली थीं।

अधिकारियों के अनुसार, हथियार को विमान में ले जाने के लिए घोषित किया गया था। इसके बाद सुरक्षा जांच के दौरान ट्रैवलिंग बैग में रखी पिस्टल की जांच और कारतूस की काउंटिंग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। फायर की आवाज से यात्रियों में हड़कंप मच गया और लोग इधर-उधर भागने लगे।

फायरिंग में बिहार के गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुमन कुमारी, पुत्री नरेश प्रसाद, घायल हो गईं। गोली उनके दोनों पैरों की जांघ में लगी। वहीं बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर, रोहेड़ी रोड निवासी रोहित राज, पुत्र किशोरी प्रसाद, के बाएं हाथ के अंगूठे में गोली लगी। दोनों एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत हैं। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जबकि घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से छह कारतूस बरामद, मचा हड़कंप

पुलिस के मुताबिक हथियार से गोली किस परिस्थिति में चली और सुरक्षा प्रक्रिया के दौरान किन नियमों का पालन किया गया, इसकी भी जांच की जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के बयान के अनुसार, मामले में आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आ आएगी।

यह भी पढ़ें- अमौसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला 315 बोर का कारतूस, पुलिस ने हिरासत में लिया