अखिलेश यादव का CM योगी पर पलटवार, भाजपा के ‘P’ का मतलब ‘भाग जाओ पाकिस्तान’

भाग जाओ पाकिस्तान
प्रेसवार्ता में बोलते अखिलेश यादव साथ में डिंपल यादव। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में पीडीए को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीडीए में ‘पी’ का मतलब पाकिस्तान बताए जाने वाले बयान पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा है कि भाग जाओ पाकिस्तान। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा पी से घबरा गई है, इसलिए उसकी परिभाषा बदलने की कोशिश कर रही है।

आज सपा मुख्‍यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में अखिलेश ने सीएम योगी को जवाब देते हुए कहा कि “पी का मतलब पाकिस्तान बताने वाली भाजपा का मतलब है, भाग जाओ पाकिस्तान।” उन्होंने पीडीए की नई परिभाषा बताते हुए कहा कि पीडीए का मतलब प्रेम, दया और अपनापन है। साथ ही जनता से ऐसी सरकार बनाने की अपील की।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा को पीडीए की ताकत का एहसास हो गया है। साथ ही दावा किया कि समाजवादी पार्टी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तैयारी कर रही है। जबकि सपा और उसके सहयोगी दल 403 विधानसभा सीटों पर चुनावी रणनीति बना रहे हैं।

महंगाई को लेकर भी बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज हर चीज महंगी हो गई है। पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने को लेकर उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि इससे आम लोगों पर असर पड़ रहा है। साथ ही कहा कि अगर सपा की सरकार बनती है तो प्राथमिक स्कूलों की व्यवस्था सुधारने का काम किया जाएगा। आगे कहा कि आज सच बोलना भी मुश्किल हो गया है।

यह भी पढ़ें- जयंत चौधरी को चवन्‍नी वाले बयान से जोड़ने से नाराज RLD कार्यकर्ताओं ने फूंका अखिलेश यादव का पुतला

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को लेकर भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रयागराज और लखनऊ में जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हालात अलग हैं। बुलेट प्रूफ जैकेट के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि उन्हें इसकी जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन्हें ज्यादा जरूरत है, उनसे जाकर पूछा जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा, बीजेपी-संघी स्वतंत्रता दिवस की तैयारी नहीं, मना रहे विभाजन विभीषिका