आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही सपा में शामिल होने वाले नए नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि पुरातनपंथी, संकीर्ण सोच और सामंतवादी लोग पीडीए से घबरा गए हैं। सपा चीफ ने कहा कि जैसे-जैसे नए लोग पीडीए से जुड़ रहे हैं, विरोधियों की घबराहट बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा पीडीए को रोकने के लिए न जाने क्या-क्या हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
राजधानी में प्रेसवर्ता के दौरान सपा प्रमुख ने पीडीए की नई व्याख्या करते हुए कहा कि अब इसमें प्रोटेस्ट, डीमाॅस्टेशन और ऐक्टिविस्ट वाले लोग भी शामिल हो रहे हैं। इस दौरान अखिलेश तंज कसते हुए कहा कि विरोधियों को पीडीए से “पेट में दर्द” हो रहा है। सपा चीफ ने कहा कि “पीडीए प्रोग्रेसिव है, विजनरी है और लोगों को जोड़ने वाला है। चुनाव में पीडीए जितना गंभीर है, उतना कोई गंभीर नहीं है।”
वहीं यूपी की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा की सरकार में स्वास्थ्य विभाग वेंटिलेटर पर है।” साथ ही पीडीए ऑडिट का हवाला देते हुए स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही का आरोप लगाया। सपा मुखिया ने दावा किया कि प्रदेश में करीब छह हजार से ज्यादा डॉक्टरों के पद खाली हैं, जबकि नर्सिंग और पैरामेडिकल के करीब 24 हजार पद खाली हैं। करीब 16 हजार की आबादी पर एक डॉक्टर की स्थिति है। अखिलेश ने गोरखपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या कम होने का भी दावा कर कहा कि पूरे यूपी में स्वास्थ्य व्यवस्था की यही स्थिति है।
इस दौरान सपा सुप्रीमो ने अंकित बालियान हत्याकांड का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि अंकित के पिता, मां, पत्नी और परिवार के लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। सपा प्रमुख ने दावा किया कि अंकित को 18 गोलियां मारी गईं। साथ ही सवाल किया गया कि प्रदेश में सरकार किसकी है और लोगों को न्याय कौन देगा। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि ये कोई पहली घटना नहीं है। पीलीभीत, बहराइच और श्रावस्ती समेत कई जगहों पर घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है।
यह भी पढ़ें- JPNIC की लीज पर अखिलेश ने पूछा भाजपा सरकार है या दुकानदार, सपा ने लगाएं गंभीर आरोप
वहीं भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में “न तो तानाशाही चलेगी और न ही दानाशाही चलेगी।” साथ ही आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों और व्यवस्था से आम लोगों को परेशानी हो रही है और आने वाले चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।




















