आरयू ब्यूरो, प्रयागराज। कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। साथ ही आस-पास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की चपेट में आने से 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 15 से अधिक लोग झुलस गए हैं। धमाके के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें राहत और बचाव कार्य कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दरअसल महमदपुर गांव में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पटाखा बनाने के दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। बताया जा रहा है कि एक मकान में पटाखों के निर्माण और भंडारण के दौरान धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कुछ ही पलों में पूरी फैक्ट्री मलबे में तब्दील हो गई। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आस-पास के लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पिपरी पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घायल लोग मदद के लिए चीखते नजर आए। स्थानीय लोगों ने कई घायलों को चारपाई और दूसरे साधनों से अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस और फायरकर्मी मलबे में दबे लोगों की तलाश में जुटे रहे।
वहीं विस्फोट का असर फैक्ट्री के आस-पास करीब 50 मीटर के दायरे में देखने को मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पांच से सात मकान क्षतिग्रस्त या जमींदोज हुए हैं। कई अन्य घरों में दरारें आने की भी सूचना है। तेज धमाके के बाद इलाके में धुएं और मलबे का गुबार छा गया।
कौशांबी के एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने की 11 मौतों की पुष्टि की है, इनमें आठ बच्चे शामिल हैं। घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लाया गया है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी होने के कारण मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- दर्दनाक: पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाके में 18 मजदूरों की मौत, कई की हालत गंभीर
पुलिस अब हादसे की वजह के साथ-साथ यह भी जांच कर रही है कि मौके पर पटाखों का निर्माण और भंडारण किस तरह किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने और जांच आगे बढ़ने के बाद ही हादसे में हुए कुल नुकसान और जिम्मेदारी की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इनकी मौत की पुष्टि
प्रियांजलि, पुत्री मंजीत कुमार, उम्र 5 वर्ष
प्रवीन सिंह, पुत्र मंजीत, उम्र 13 वर्ष
जाह्नवी, पुत्री गया प्रसाद, उम्र 12 वर्ष
आदित्य, पुत्र गया प्रसाद, उम्र 12 वर्ष
रवि, पुत्र गया प्रसाद, उम्र 8 वर्ष
ज्ञान सिंह, पुत्र हरिओम, आयु 40 वर्ष
आदित्य, पुत्र अज्ञात, आयु 8 वर्ष
अंजू, पत्नी विक्रम सरोज, आयु 32 वर्ष
विक्रम सरोज, आयु 35 वर्ष
अंश, पुत्र विक्रम सरोज, आयु 6 वर्ष
नन्हा, पुत्र विक्रम सरोज, आयु 4 वर्ष।


















