14 हजार फीट की ऊंचाई पर इंडिगो उड़ान का इंजन फेल, यात्रियों में अफरा-तफरी

इंडिगो की फ्लाइट
फाइल फोटोे।

आरयू वेब टीम। दिल्ली से गोवा जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में हवा में उड़ान के दौरान बड़ा तकनीकी खराबी आ गई। लगभग 14 हजार फीट की ऊंचाई पर विमान का एक इंजन अचानक फेल हो गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पायलट की त्वरित सूझबूझ और नियंत्रण के चलते विमान को वापस दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड कराया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

जानकारी के मुताबिक विमान ने अपने निर्धारित समय पर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गोवा के लिए उड़ान भरी थी। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद जब विमान 14,000 फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, तब अचानक एक तेज झटका लगा और क्रू को इंजन में तकनीकी खराबी का अहसास हुआ। केबिन के भीतर यात्रियों को भी असहजता महसूस हुई, जिसके बाद विमान में हड़कंप मच गया और यात्रियों की सांसें अटक गईं।

जिसके बाद फ्लाइट के कैप्टन और कॉकपिट क्रू ने बिना समय गंवाए प्रोसीजर का पालन किया। पायलट ने सिंगल-इंजन लैंडिंग के प्रोटोकॉल को सक्रिय किया और दिल्ली एटीसी को स्थिति की जानकारी दी। हवाई अड्डे पर एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को तुरंत तैनात किया गया। पायलट सावधानी पूर्वक विमान को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया, जिसके बाद यात्रियों और एयरपोर्ट अथॉरिटी ने राहत की सांस ली।

यह भी पढ़ें- हवा में आठ घंटे अटकी रहीं 230 यात्रियों की सांसें, खराबी के बाद दिल्‍ली एयरपोर्ट पर हुई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

सुरक्षित लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को जांच के लिए बे में ले जाया गया। नागर विमानन महानिदेशालय और एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने इस घटना की गहन जांच शुरू कर दी है कि आखिर उड़ान भरने के बाद इतनी ऊंचाई पर इंजन में ये तकनीकी खराबी कैसे आई। इस बीच इंडिगो एयरलाइंस ने फंसे हुए सभी यात्रियों को दूसरे विमान के जरिए गोवा भेजने की वैकल्पिक व्यवस्था की।

यह भी पढ़ें- 164 यात्रियों को पटना ले जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट से टकराया पक्षी, मचा हड़कंप