अब यात्रियों को लेकर हैदराबाद आ रहे इंडिगो के विमान की पाकिस्‍तान में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, खराबी आने पर पायलट ने लिया फैसला

इंडिगो फ्लाइट

आरयू वेब टीम। संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से हैदराबाद आ रहे इंडिगो के एक विमान में तकनीकी खराबी आने के चलते विमान की पाकिस्तान के कराची एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। वहीं यात्रियों को हैदराबाद लाने के लिए दूसरा विमान भेजा गया। पायलट को जब तकनीकी खराबी की जानकारी मिली तब विमान हिंद महासागर के ऊपर उड़ान भर रहा था। वहां से पाकिस्तान का कराची एयरपोर्ट करीब था।

पायलट ने सूझ-बूझ से काम लेते हुए तकनीकी खराबी की जानकारी कराची एयरपोर्ट के एटीसी को दी, जिसके बाद विमान की कराची में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मिली और एयरपोर्ट पर विमान की सफलतापूर्वक लैंडिग करा ली गई। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

इंडिगो ने अपने टेक्निकल कर्मचारियों को कराची भेजा ताकि वे विमान में आई खराबी का पता लगा सकें। इसके साथ ही यात्रियों को कराची से भारत लाने के लिए दूसरा विमान भेजा गया। इंडिगो की ओर से कहा गया है कि शारजाह-हैदराबाद फ्लाइट (6E-1406) के पायलट ने विमान में तकनीकी खराबी देखी थी। इसके बाद विमान को एहतियात के तौर पर कराची की ओर मोड़ दिया गया। यात्रियों को हैदराबाद ले जाने के लिए कराची के लिए एक अतिरिक्त फ्लाइट भेजी गई है।

यह भी पढ़ें- यात्रियों को लेकर शारजाह से लखनऊ आ रहे इंडिगो के विमान की कराची में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, जानें वजह

गौरतलब है कि पिछले दो सप्ताह में कराची में लैंडिंग करने वाली यह दूसरी भारतीय एयरलाइन है। पांच जुलाई को दिल्ली से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को कराची डायवर्ट कर दिया गया था। विमान के इंडिकेटर लाइट में खराबी आई थी। दिल्ली से दुबई जा रहे बोइंग 737 मैक्स विमान ने उड़ान के दौरान अपने बाएं टैंक से ईंधन की मात्रा में असामान्य कमी दिखाना शुरू कर दिया था। इसके बाद विमान को कराची की ओर मोड़ दिया गया।

यह भी पढ़ें- दिव्यांग बच्चे को फ्लाइट में चढ़ने से रोकने पर DGCA ने इंडिगो पर लगाया पांच लाख का जुर्माना