आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की राजनीति से इस वक्त एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का निधन हो गया है। भाजपा विधायक ने बुधवार दोपहर को दिल्ली के बीएल कपूर अस्पताल में अंतिम सांस ली। अनिल शर्मा के निधन की खबर से भाजपा व उनके समर्थकों में शोक की लहर छा गई।
मिली जानकारी के मुताबिक कैंसर से पीड़ित अनिल शर्मा का दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान बुधवार को उनकी हालत बिगड़ी और उनका निधन हो गया। अनिल शर्मा योगी सरकार में वन राज्य मंत्री भी रह चुके थे। अनिल शर्मा बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरजावली के रहने वाल थे।
बुलंदशहर के सुरजावली गांव के रहने वाले अनिल शर्मा की राजनीतिक शुरुआत प्रधानी के चुनाव से हुई। वह निर्विरोध प्रधान चुने गए। 2002 में पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए। इसके बाद 2007 में लगातार दूसरी बार खुर्जा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव जीते।
यह भी पढ़ें- तिहाड़ जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे कांग्रेस के पूर्व सांसद का निधन
2012 में शिकारपुर सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव हार गए। इसके बाद भाजपा जॉइन कर ली। 2017 में भाजपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए और योगी सरकार में पर्यावरण राज्य मंत्री बने। 2022 में लगातार दूसरी बार भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें- यूपी के सबसे बुजुर्ग विधायक का निधन, सादगी-बेदाग छवि की मिसाल थे सपा MLA आलमबदी आजमी




















