लाइब्रेरियन वैकेंसी की मांग के लिये अभ्यर्थियों ने किया ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव

प्रदर्शनकारियों की मांग सुनते ब्रजेश पाठक। (फोटो- आरयू)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती निकालने की मांग को लेकर बारिश के बीच लखनऊ में सोमवार को अभ्यर्थियों ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास का घेराव किया। अलग-अलग जिलों से आए अभ्यर्थी ब्रजेश पाठक की आवास के सामने मुलाकात के लिए डटे रहे और जब ब्रजेश पाठक घर से बाहर निकले तो अभ्यर्थी हाथ जोड़कर उनके सामने खड़े हो गए और अपनी मांग को एक बार फिर दोहराया। इसपर ब्रजेश पाठक ने अभ्यर्थियों को आश्‍वासन दिया।

कुछ अभ्यर्थियों ने कहा ‘सर, नौकरी चाहिए। ’हम लोग नौकरी की मांग को लेकर दर-दर की ठोकर खा रहे हैं। इससे पहले 25 अगस्त को भी आए थे और आपसे मुलाकात किया था। उस दौरान आपने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष से फोन पर बात करवाई थी मगर उसे वार्ता का भी कोई नतीजा नहीं निकला। इसपर डिप्टी सीएम ने एक बार फिर अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया।

दस साल से नहीं हुई भर्ती

अभ्यर्थियों ने बताया कि 2016 के बाद से लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती नहीं हुई है। इससे पहले भी वे यूपीएसएसएससी मुख्यालय के बाहर कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। कई जगह बिना लाइब्रेरी साइंस की डिग्री वाले लोगों से काम कराया जा रहा है, जबकि संबंधित डिग्री लेने वाले युवा नौकरी का इंतजार कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने पीईटी-2025 के आधार पर लाइब्रेरियन के पदों पर नई भर्ती निकालने की मांग की।

यह भी पढ़ें- बेसिक शिक्षा मंत्री से मिले 69 हजार शिक्षक भर्ती के दलित-OBC अभ्यर्थी, की वकील के समय से सुप्रीम कोर्ट में पेश होने की मांग

वहीं एक अभ्यर्थी ने बताया कि लंबे समय से लाइब्रेरियन भर्ती की मांग कर रहे हैं। 14 मई, दो जून और 19 जून 2026 को भी अभ्यर्थियों ने पिकप भवन का घेराव किया था। वहां अधिकारियों से मिलने नहीं दिया जाता और कर्मचारी ही उनसे बात करते हैं। अफसरों की ओर से कहा गया था कि लाइब्रेरियन के 362 पदों की अधियाचना मिल चुकी है। इसके बावजूद हर बार अगले महीने भर्ती निकालने की बात कहकर मामला टाल दिया जाता है। पिछली बार 2016 में लाइब्रेरियन के पदों पर भर्ती हुई थी। तब से युवा लाइब्रेरी साइंस की पढ़ाई और डिग्री पूरी करने के बाद नौकरी का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- लाइब्रेरियन भर्ती नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने घेरा ब्रजेश पाठक का आवास, डिप्‍टी सीएम ने दिया आश्‍वासन