आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश के कई राज्यों में बाढ़ के हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर उत्तर प्रदेश समेत देशभर में खर्च हुए अरबों रुपयों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। शुक्रवार को इसी क्रम में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। अखिलेश ने सरकारी विभागों व अफसरों द्वारा मोदी के जन्मदिन पर बड़े पैमाने पर किये गये खर्चों का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग करते हुए यह भी कहा है कि भाजपा राजनीति का अधिकारीकरण कर रही है।
यूपी के पूर्व सीएम ने आज अपने एक बयान में कहा कि अब तक भाजपा राजनीति का अपराधीकरण कर रही थी, लेकिन अब भाजपा राजनीति का ‘अधिकारीकरण’ कर रही है। इस दौरान अखिलेश ने जिलाधिकारी बरेली के सरकारी आवास पर दिये की भव्य सजावट को लेकर भी सवाल उठाया। अखिलेश ने कहा कि जिलाधिकारी ‘दीये व उसके तेल-बाती व लगवाई’ के ख़र्चे का हिसाब-किताब सार्वजनिक करें कि ये उनके व्यक्तिगत खाते से किया गया ख़र्चा है न कि जनता के टैक्स का पैसा है।
हले केयर फ़ंड, अब चापलूसी फ़ंड
अखिलेश ने लखनऊ समेत प्रदेशभर में तैनात ऐसे अफसरों पर तंज कसा जिन्होंने मोदी के जन्मदिन पर जमकर सरकारी खाली किया। अखिलेश ने कहा कि पहले केयर फ़ंड और अब चापलूसी फ़ंड, इनकी खाता-बही दिखाई जाए। यही जनता की डिमांड है।
…लखनऊवालों का रिकॉर्ड टूट जाता
बरेली के डीएम आवास पर हजारों और लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में कल जलाए गये साढ़े तीन लाख दिये की तुलना करते हुए अखिलेश ने योगी सरकार व अधिकारियों पर तंज कसा। सपा सुप्रीमो ने कहा कि दीये जलाने की मजबूरी में न जाने कितनों के दिल जले होंगे। वैसे उतने दीये नहीं जले या जलने नहीं दिये गये, जितने दीयों की संख्या से लखनऊवालों का रिकॉर्ड टूट जाता। जो लोग दीयों के लिए भी लड़ रहे हैं, वो रोशनी क्या लाएंगे?
लखनऊ से भेजी जा रही 500 बाइक
इसके साथ ही लखनऊ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से यात्रा निकालने के लिये भेजी गयी पांच सौ नई मोटरसाइकिलों को लेकर भी अखिलेश ने सवाल उठाया। उन्होंन कहा कि यूपी 32 नंबर से शुरू हुई जो 500 बाइक कहीं भेजी जा रही, क्या उनसे विदेशी मुद्रा से ख़रीदे गये तेल की बर्बादी नहीं होगी? अखिलेश ने कुछ दिनों पहले नरेंद्र मोदी द्वारा तेल के कम इस्तेमाल करने वाली अपील पर भी आज सवाल उठाते हुए पूछा कि केवल खानेवाले तेल का प्रयोग कम करने की अपील की गई है या गाड़ी वाले तेल की भी या लालटेन व दीये के तेल की भी?




















