इंडिया फूड एक्सपो में बोले केशव मौर्या, अखिलेश के पास गुंडे पर भाजपा के पास समर्पित कार्यकर्ता

केशव मौर्या
कार्यक्रम को संबोधित करते डिप्टी सीएम केशव मौर्या।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव के पास गुंडे, अपराधी और माफिया हैं। जबकि भाजपा के पास बूथ स्तर तक देश और प्रदेश के लिए जीवन दांव पर लगाकर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ता हैं। 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनेगी।

केशव मौर्या ने शुक्रवार को गोमतीनगर में वीमेन पावर लाइन चौराहे के पास रेगालिया ग्रीन्स में शुरू हुए इंडिया फूड एक्सपो-2026 का उद्घाटन किया। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित कर कहा कि विपक्षी नेता सरकार बनाने के सपने देख रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जनता सुरक्षा, सुशासन और विकास चाहती है। भाजपा कार्यकर्ताओं से सपा के गुंडे नहीं लड़ सकते और प्रदेश की जनता भी उनके साथ नहीं है।

यह भी पढ़ें- अधिकारियों से बोले केशव मौर्या, यूपी की तीन करोड़ महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ना है टारगेट

वहीं केशव मौर्या ने 2017 से पहले की सपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में गुंडागर्दी का माहौल था। उद्योग लगाने वाले लोग पलायन की तैयारी कर रहे थे। भाजपा सरकार बनने के बाद निवेश बढ़ा है। सरकार का लक्ष्य रोजगार के अवसर बढ़ाना और उद्योगों को सुरक्षा व सहयोग देना है।

महिला उद्यमियों के लिए सोलर सब्सिडी

इस दौरान फूड एक्सपो में डिप्टी सीएम ने फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को लेकर सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फूड पॉलिसी-2023 के तहत फूड इंडस्ट्री लगाने वालों को अलग-अलग तरह के अनुदान दिए जा रहे हैं। महिला उद्यमियों के लिए सोलर सब्सिडी का भी प्रावधान है। साथ कहा कि किसानों के उत्पादों को फूड प्रोसेसिंग के जरिए तैयार उत्पादों में बदला जा सकता है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ खाद्य उत्पादों के निर्यात को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

इंडिया फूड एक्सपो का 11वां संस्करण

रेगालिया ग्रीन्स में आयोजित यह एक्सपो तीन दिन चलेगा। यह इंडिया फूड एक्सपो का 11वां संस्करण है। इस बार उत्तर प्रदेश के करीब 55 जिलों की भागीदारी है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ के तहत जिलों के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय खाद्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और राजस्थान समेत कई राज्यों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। यहां लोग अलग-अलग राज्यों और जिलों के पारंपरिक व्यंजन देख और चख सकते हैं।

फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग पर जोर

इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि लोगों की खाने की आदतें बदल रही हैं। रेडी-टू-कुक और रेडी-टू-ईट उत्पादों की मांग बढ़ी है। ऐसे में फूड प्रोसेसिंग उद्योग की भूमिका भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि खाद्य उत्पादों में गुणवत्ता और सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। इसके लिए नई तकनीक और बेहतर पैकेजिंग अपनानी होगी।

यह भी पढ़ें- केशव मौर्या के आवास का घेराव कर 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने लगाया आरक्षण चोरी का नारा