पुण्यतिथि पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दे CM योगी ने कहा, शिल्पकार के रूप में स्वतंत्र भारत को दिया आकार

सरदार पटेल को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 72वीं पुण्यतिथि पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। साथ ही सरदार पटेल स्मृति समारोह समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर कहा, ‘‘वल्लभ भाई पटेल एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे। जब देश को स्वतंत्रता मिली तो संविधान के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान था। उन्हें ‘भारत के लौह पुरुष’ के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने एक शिल्पकार के रूप में स्वतंत्र भारत को आकार दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘563 से अधिक रियासतों का एकीकरण करके भारत गणराज्य का हिस्सा बनाना चुनौतीपूर्ण कार्य था।सरदार पटेल की दूरदर्शिता एवं इच्छाशक्ति की बदौलत सभी रियासतों ने शांतिपूर्ण ढंग से भारत का हिस्सा बनकर वर्तमान भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। इसका सामाजिक श्रेय केवल भारत रत्न सरदार पटेल को जाता है।’’

यह भी पढ़ें- सौर ऊर्जा से मिलेगी उत्तर प्रदेश के उद्योगों को शक्ति: CM योगी

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस अवसर पर मैं उनके सम्मान में उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं। भारत की एकता और अखंडता के लिए उनका काम वर्तमान और भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।’’ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि नए भारत के निर्माण में उनकी बड़ी भूमिका है। आजादी के तत्काल बाद शिक्षा, पशुधन, कृषि, किसानों के जीवन में परिवर्तन लाने के साथ ही सरदार पटेल ने इसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया था।

यह भी पढ़ें- यूपी की 46 सौ से अधिक PHC में जल्‍द टेली कंसल्टेंसी टेलीमेडिसिन की होगी सुविधा: CM योगी