आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देहरादून से लखनऊ की ओर आ रही अपनी रफ्तार के लिए जानी जाने वाले सेमी-हाई स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार दोपहर हादसे का शिकार हो गई। सीतापुर-लखनऊ रेल रूट पर स्थित नंदना क्रॉसिंग के पास दोपहर करीब दो बजे अचानक रेलवे ट्रैक पर एक गाय दौड़कर सामने आ गई। तेज रफ्तार में दौड़ रही ट्रेन से गोवंश की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई और वंदे भारत ट्रेन का अगला हिस्सा यानी नोज कोन टूटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि ट्रेन के सामने अचानक गोवंश को आते देख लोको पायलट ट्रेन के चालक ने बिना समय गंवाए तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को ट्रैक पर रोक लिया। चालक की इस सूझबूझ के चलते ट्रेन बेपटरी होने से बच गई और एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। घटना के तुरंत बाद लोको पायलट और गार्ड ने रेलवे कंट्रोल रूम को हादसे और ट्रेन के अगले हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की सूचना दी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में लगी आग, यात्रियों में मचा हड़कंप
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, इंजीनियरिंग विंग और आरपीएफ की संयुक्त टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसे गोवंश को बाहर निकालने और ट्रैक से हटाने का काम तेज किया। साथ ही रेल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैक की सघन जांच और साफ-सफाई की गई ताकि पहियों या पटरियों को कोई नुकसान न पहुंचा हो।
इस पूरी प्रक्रिया के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन करीब आधे घंटे तक बीकेटी में ट्रैक पर ही खड़ी रही, जिससे इस रूट पर रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। ट्रैक पूरी तरह सुरक्षित और साफ किए जाने के बाद दोपहर करीब ढ़ाई बजे वंदे भारत को बीकेटी से लखनऊ चारबाग के लिए सकुशल रवाना हुई।




















