आरयू वेब टीम। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद घबराए कई यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इसी दौरान दूसरी पटरी से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से छह से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और रेलवे प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव कार्य में जुट गए।
मिली जानकारी के अनुसार, आज शाम करीब चार बजे उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी। ट्रेन जैसे ही हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंची, किसी ने कोच में आग लगने की अफवाह फैला दी। अफवाह सुनते ही यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घबराहट में कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी। इसी दौरान सामने वाली पटरी पर धौलपुर से मुरैना की ओर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस तेज गति से गुजर रही थी।
ट्रेन से कूदे कई यात्री पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में छह से अधिक लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- बर्दवान में स्टेशन पर लगी ट्रेन में आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
इस पूरी घटना पर उत्तर मध्य रेलवे ने बताया कि 14 जून को लगभग 16:15 बजे उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर–धौलपुर रेलखंड में गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में किसी यात्री की ओर से अलार्म चेन पुलिंग किए जाने के कारण गाड़ी सेक्शन में रुक गई। प्राप्त प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, गाड़ी के रुकने के दौरान कुछ यात्री ट्रेन से उतरकर समीपवर्ती रेल लाइन पर चले गए। इसी दौरान दूसरी तरफ से रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर–सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के हताहत होने की सूचना प्राप्त हुई है।




















