सहारनपुर के देवबंद में ज्योत पदयात्रियों को कैंटर ने रौंदा, चार श्रद्धालुओं की मौत, 15 घायल

कैंटर ने रौंदा
घायलों का हाल जानते सहारनपुर के डीएम साथ में एसएसपी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/सहारनपुर। यूपी के सहारनपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया है। शाकंभरी देवी से माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए लौट रहे श्रद्धालुओं को शनिवार को देवबंद में हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर बर्तनों से भरे कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

मिली जानकारी के मुताबिक सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के करीब 19 लोग सात अक्टूबर को ट्रैक्टर ट्राली द्वारा शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। शनिवार सुबह करीब सात बजे सभी माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए वापस लौट रहे थे। इसी दौरान देवबंद में हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर पीछे से आए तेज रफ्तार बर्तनों से भरे कैंटर ने ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी।

अचानक हुए हादसे में कुशावली गांव निवासी रमेश (40) सागर (40) अमन (23) और सतेंद्र की मौत हो गई। हादसे में 15 से अधिक श्रद्धालु घायल भी हुए।  सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेजा।

यह भी पढ़ें- यूपी: घने कोहरे के बीच ट्रक ने मारी स्कूली वैन को टक्‍कर, ड्राइवर की मौत, छह मासूम घायल

इस संबंध में सीओ अमित कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। कैंटर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को सहारनपुर और मेरठ के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया।

वहीं जिलाधिकारी अरविंद चौहान और एसएसपी अभिनंदन सहारनपुर के जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल जानते हुए उनके बेहतर इलाज के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।

यह भी पढ़ें- यूपी में हुआ बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार रोडवेस बस ने मारी पिकअप को टक्‍कर, महिला व मासूमों समेत 15 यात्रियों की मौत, 19 घायल