आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने युवाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। साथ ही कहा कि ताकत के बल पर जनता को रोकने की कोशिश करना सरकार की बड़ी भूल साबित होगी। जंतर-मंतर अब केवल एक स्थान नहीं रह गया है, बल्कि नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है।
अखिलेश यादव ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि “किसी के रोके नहीं रुकेगा, अब दिल्ली में देश जुटेगा! हम देश की युवा ऊर्जा के साथ हैं।” आगे कहा कि यदि भाजपा सरकार ये समझ रही है कि वह ताकत के बल पर जनता को रोक सकती है, तो यह उसकी और भी बड़ी भूल होगी। सपा अध्यक्ष के अनुसार, जंतर-मंतर अब केवल एक स्थान नहीं रह गया है, बल्कि नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है।
अपने बयान में अखिलेश ने युवाओं की भागीदारी, लोकतांत्रिक आवाज और सामूहिक एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को केवल ताकत के सहारे दबाने की कोशिश करना उचित नहीं है। सपा प्रमुख ने चेतावनी दी कि यदि सरकार आंदोलन कारियों को रोकने का प्रयास करेगी, तो देश के अलग-अलग हिस्सों में भी विरोध और जागरूकता के केंद्र उभर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- अखिलेश व विपक्षी सांसदों की हिरासत के विरोध में सड़क पर उतरे सपाई, लखनऊ में भी लगे ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद के नारे
सपा मुखिया ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कविता की पंक्तियों के माध्यम से भी युवाओं के आत्मविश्वास और तैयारी का उल्लेख किया। उन्होंने युवाओं के हौसले और एकजुटता पर जोर देते हुए संदेश दिया कि उनकी सामूहिक शक्ति को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उनकी पोस्ट में इस्तेमाल की गई काव्यात्मक भाषा के जरिए युवाओं की आवाज और लोकतांत्रिक भागीदारी को महत्व देने की बात कही गई।




















