आरयू वेब टीम। वोट चोरी मामले में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का सिलसिला आज भी जारी है। इसी क्रम में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका कुछ साथियों के साथ मंगलवार को जंतर-मंतर पर पहुंचे और नारेबाजी कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने सभी को पकड़ा लिया।
सीजेपी ने हिरासत में लिए गए नेताओं का वीडियो जारी किया। जिसमें रांका ने कहा, ‘ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रोटेस्ट जंतर-मंतर पर ही होगा। आज दस लोग आए हैं, कल एक हजार आएंगे, परसों 10,000 आएंगे।’
इस संबंध में सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया है। साथ ही कहा कि ’13 अक्टूबर की सुबह कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों ने तिरंगा लेकर दिल्ली के जंतर मंतर के आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्र जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।’ दीपके के अनुसार, आशुतोष रांका, सौरव दास, अजिंक्य शिंदे और अन्य कार्यकर्ताओं को इस प्रयास के दौरान हिरासत में लिया गया है।
इसके साथ दीपके ने इस पोस्ट में घटनास्थल के वीडियो फुटेज भी शेयर किया है, जिसमें लोग गेट पर चढ़ते, झंडे लेकर भागते और बढ़ी हुई सुरक्षा के बीच दिल्ली पुलिस अधिकारियों द्वारा ले जाए जाते दिख रहे हैं।
यह भी पढ़ें- अभिजीत दीपके ने कहा, जंतर-मंतर आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए पुलिस CJP कार्यकर्ताओं पर बना रही दबाव
गौरतलब है कि मोदी सरकार ने सोमवार को जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटा दिया था। दरअसल सीजेपी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और एसआइआर के विरोध में प्रदर्शन कर रही है। सीजेपी ने दस अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन बुलाया था, लेकिन पुलिस हिरासत में लिये जाने के कारण प्रदर्शन में पहुंच नहीं पाए थे।




















