आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में अपनी जनता पार्टी (एजेपी) के कार्यकर्ताओं ने ईवीएम और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) हटाने को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में नारे लिखे पोस्टर ले रखे थे। स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ता दारुल सफा से जन भवन की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे जाने से रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ईवीएम के इस्तेमाल पर सवाल उठाते हुए प्रदर्शनकारियों ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग उठाई और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की।
यह भी पढ़ें- नारों की आड़ में मुस्लिमों के घर-दुकान व मस्जिदों को बनाया जा रहा निशाना, स्वामी प्रसाद ने लगाया योगी सरकार पर बड़ा आरोप
एजेपी कार्यकर्ताओं ने “ईवीएम हटाओ, बैलेट पेपर लाओ के नारे लगाए।” इस दौरान प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर लिए थे जिनपर ईवीएम के विरोध में नारे लिखे थे। एक पोस्टर पर लिखा था, “गली-गली में शोर है, ईवीएम मशीन चोर है।” इन नारों के जरिए कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में बदलाव की मांग उठाई।
वहीं पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए दारुलसफा से जन भवन की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की। जब कार्यकर्ता आगे बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया।




















