आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जनवरी से अब तक 500 से अधिक मरीज सामने आ चुके हैं। 17 नए संक्रमित मिले, जिनमें अलीगंज में सबसे ज्यादा पांच मरीज शामिल हैं। नगर निगम के जोन आठ में अब तक सर्वाधिक 108 मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ एंटी लार्वा छिड़काव तेज कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस साल जनवरी से अब तक डेंगू के 500 से अधिक मरीज मिल चुके हैं। नगर निगम के अलग-अलग जोन में सामने आए मामलों में जोन आठ सबसे आगे है। यहां 108 मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके अलावा जोन चार में 87, जोन तीन में 60, जोन छह में 59 और जोन सात में 56 मामले सामने आए हैं। जोन दो में 30 और जोन एक में 28 मरीज मिले हैं।
शनिवार को शहर में डेंगू के 17 नए मरीज सामने आए। इनमें अलीगंज में सबसे ज्यादा पांच लोग संक्रमित मिले, जबकि आलमबाग के चंदरनगर में चार मरीजों की पुष्टि हुई। इंदिरानगर और सिल्वर जुबली क्षेत्र में तीन-तीन लोग डेंगू की चपेट में आए। वहीं, सरोजनी नगर और रेडक्रॉस क्षेत्र में एक-एक मरीज मिला। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सितंबर में डेंगू के मामले अधिक सामने आए और इस महीने करीब 194 लोग संक्रमित हुए।
यह भी पढ़ें- नोएडा में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू केस, अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी
डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास सफाई रखने की अपील की है। विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश के बाद जमा पानी, कूलर, गमलों, पुराने टायरों और खुले बर्तनों में मच्छरों के लार्वा पनप सकते हैं। इसलिए कूलर और गमलों का पानी हर तीन से चार दिन में बदलना चाहिए। पानी की टंकियों को ढककर रखें और घर के आसपास पानी जमा न होने दें। मच्छरों से बचने के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छरदानी या मच्छररोधी साधनों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।




















