आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने पार्टी के संगठन को मजबूत करने और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है। मायावती ने आकाश आनंद को उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड में जनसभाओं की जिम्मेदारी सौंपी है। जबकि ईशान आनंद को दिल्ली में बसपा के कामकाज की जिम्मेदारी दी है। साथ ही मायावती ने आकाश आनंद की राजनीतिक परिपक्वता और उनकी कड़ी मेहनत की भी खुलकर सराहना की है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि भतीजे आकाश आनंद की तरह उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ की किसी भी कीमत पर पार्टी में वापसी नहीं होगी। उन्होंने अपने समर्थकों से इन अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। अब अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति में फिर से पार्टी में वापस नहीं लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- मायावती ने चुनावी सर्वे को बताया फेक, कहा बसपा को कमजोर दिखाने की हो रही साजिश
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद अब पार्टी और मूवमेंट के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों को पूरी मेहनत और तेजी से निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लोगों को आकाश आनंद से काफी अपेक्षाएं हैं। इसी क्रम में उन्हें आगामी दिनों में विभिन्न राज्यों में आयोजित पार्टी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है। जबकि आकाश आनंद उत्तर प्रदेश में पांच जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, उनकी
जनसभाओं का कार्यक्रम इस प्रकार है
28 अक्टूबर 2026: बुलंदशहर
2 नवंबर 2026: सहारनपुर
20 नवंबर 2026: अयोध्या
22 नवंबर 2026: आगरा
29 नवंबर 2026: कानपुर नगर
इन जनसभाओं के माध्यम से आकाश आनंद बसपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच पहुंचेंगे। बसपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की है।
पंजाब-उत्तराखंड के कार्यक्रम में भी लेंगे हिस्सा
उत्तर प्रदेश के अलावा आकाश आनंद पंजाब और उत्तराखंड में आयोजित कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर पंजाब में बसपा की ओर से आयोजित विचार संगोष्ठी में वह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद 6 दिसंबर 2026 को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी एवं जनसभा को संबोधित करेंगे।
ईशान आनंद भी कामकाज में करेंगे सहयोग
मायावती ने ईशान आनंद की भूमिका को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आनंद कुमार के छोटे बेटे ईशान आनंद, जो लंदन से वकालत की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं, बसपा के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में सहयोग करेंगे। ईशान आनंद पार्टी के चुनाव संबंधी कार्यों व अन्य कागजीप्रक्रियाओं में योगदान देंगे। पार्टी नेतृत्व के निर्देशन में वह संगठन से जुड़े कामकाज में अपनी भूमिका निभाएंगे।




















